चंडीगढ़, 30 अक्टूबर 2026: कांग्रेस नेता राहुल गांधी 1 नवंबर की तारीख को दिल्ली के रामलीला मैदान में रैली करने जा रहे हैं। इस रैली में इंडिया अलायंस के भी दल शामिल होने वाले हैं। कांग्रेस का दावा है कि इस रैली में 10 लाख लोग शामिल होने वाले हैं। जानकारी के अनुसार समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी समेत कई नेता इस रैली में शामिल होने वाले हैं। एक तरफ कांग्रेस इस रैली की तैयारी में लगी है तो वहीं अब खबर सामने आई है कि 1 नवंबर को भाजपा भी दिल्ली में मार्च निकालने जा रही है।
भाजपा ने कांग्रेस की 1 नवंबर की रैली के खिलाफ बड़ी तैयारी की है। 1 नवंबर को भाजपा भी दिल्ली में मार्च निकालने जा रही है। जिसकी तैयारी चल रही है। भाजपा के इस मार्च में 1984 के एंटी सिख दंगों के पीड़ित और उनके परिवार के लोग भी शामिल होंगे। जानकारी के अनुसार 1 नवंबर को सुबह 11 बजे से दिल्ली के हरिनगर में मार्च निकालने की तैयारी की जा रही है। इस रैली में बीजेपी के बड़े सिख नेताओं समेत पार्टी के अन्य बड़े नेता भी शामिल होंगे। जानकारी सामने आई है कि तकरीबन 5 हजार लोग भाजपा के इस मार्च में हिस्सा लेने वाले हैं।
जानकारी के अनुसार 1 नवंबर को रामलीला मैदान में रैली के बाद विपक्ष दिल्ली की सड़कों पर मार्च कर सकता है। सूत्रों के मुताबिक रामलीला मैदान में रैली के बाद विपक्षी सांसद लाल किले तक मार्च भी कर सकते हैं। हालांकि दिल्ली पुलिस ने इसकी इजाजत नहीं दी है। उधर 1 नवंबर की रैली को लेकर कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी है। प्रियंका गांधी ने रामलीला ग्राउंड पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया है। प्रियंका ने मंच पर कांग्रेस नेताओं के साथ मीटिंग भी की। वहीं राहुल गांधी ने वीडियो बनाकर आम नागरिकों और छात्रों से 1 नवंबर को रैली में शामिल होने की अपील की है।
ये भी देखे: पटियाला के राजेंद्र जिमखाना एंड महिंद्रा क्लब में दो-दिवसीय स्वास्थ्य शिविर का हुआ आयोजन