वियना, 10 जून 2025: ऑस्ट्रिया के ग्राज शहर में मंगलवार को एक स्कूल में हुई भीषण गोलीबारी ने पूरे देश को झकझोर दिया। स्थानीय मीडिया और समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार इस घटना में कम से कम नौ लोगों की मौत हुई है। इसमें सात छात्र और एक वयस्क शामिल हैं। ग्राज की मेयर एल्के काहर ने ऑस्ट्रिया प्रेस एजेंसी को बताया कि संदिग्ध हमलावर भी मृतकों में शामिल है, जिसके आत्महत्या करने की आशंका जताई जा रही है।
यह गोलीबारी ग्राज के ड्रेयर्सचुएत्जेन्गासे स्थित BORG माध्यमिक स्कूल में सुबह 10 बजे शुरू हुई। स्थानीय अखबार क्रोनन जीतुंग के अनुसार, हमलावर ने दो कक्षाओं में अंधाधुंध फायरिंग की, जिसमें कम से कम 10 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि उन्होंने 20 गोलियों की आवाज सुनी। घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां आपातकालीन और शॉक रूम पर भारी दबाव है।
पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए स्कूल को खाली कराया और इलाके को सुरक्षित कर लिया। स्टायरिया राज्य पुलिस ने बताया कि विशेष कोबरा इकाइयों और हेलीकॉप्टर की मदद से सुबह 11:30 बजे तक स्थिति नियंत्रण में थी, और अब कोई खतरा नहीं है। स्कूल के सभी लोगों को पास के हेल्मुट लिस्ट हॉल में ले जाया गया, जहां रेड क्रॉस उनकी देखभाल कर रहा है।
ऑस्ट्रिया के आंतरिक मंत्रालय ने स्कूल में कई मौतों की पुष्टि की है, लेकिन सटीक संख्या और हमलावर की पहचान के बारे में अभी जानकारी नहीं दी गई है।
ये भी देखे: अमेरिका के साउथ कैरोलिना में गोलीबारी, 11 लोग घायल, हमलावर फरार