चंडीगढ़, 28 अक्टूबर 2026: एमएलसी चुनाव के नतीजे आने के बाद बीजेपी ने कांग्रेस पर करारा हमला किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बाद अब केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कांग्रेस पर तंज कसा। उन्होंने लिखा 28 में से कितनी सीटें जीतीं… 0। इसके साथ ही उन्होंने कहा बैलट बॉक्स इस्तीफा दो।
अमित शाह ने 28 एमएलसी सीटों पर हुए चुनाव और कांग्रेस के प्रदर्शन को लेकर निशाना साधा है। इन चुनावों में उत्तर प्रदेश महाराष्ट्र बिहार और कर्नाटक की 28 विधान परिषद सीटों के लिए वोटिंग हुई थी। इन चुनावों में बैलेट पेपर का इस्तेमाल किया गया था।
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी कांग्रेस पर निशाना साधा था। उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए उत्तर प्रदेश महाराष्ट्र बिहार और कर्नाटक में हुई 28 एमएलसी सीटों के चुनाव का जिक्र किया। पीएम मोदी ने लोगों से सवाल किया कि बैलेट पेपर से हुए इन चुनावों में कांग्रेस को कितनी सीटें मिलीं।
इन चुनावों में कांग्रेस को सभी सीटों पर हार का सामना करना पड़ा। कर्नाटक में पार्टी चारों सीटें हार गई। कर्नाटक विधान परिषद की चार सीटों के चुनाव परिणामों में एनडीए ने सभी सीटों पर जीत दर्ज की। चुनाव में तीन मौजूदा एमएलसी मैदान में थे। और बीजेपी के दोनों सिटिंग एमएलसी अपनी सीट बचाने में सफल रहे। वहीं विधान परिषद में कांग्रेस के उपनेता और पांच बार के एमएलसी पुट्टना की हार ने पार्टी को बड़ा झटका दिया।
चार राज्यों में विधान परिषद की 28 सीटों के लिए 23 अक्टूबर को वोटिंग हुई थी। उत्तर प्रदेश में शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की सीटों पर चुनाव हुआ। वहीं बिहार महाराष्ट्र और कर्नाटक में भी अलग-अलग सीटों के लिए मतदान कराया गया।
कांग्रेस और कई विपक्षी पार्टियां लंबे समय से मांग करती रही हैं कि चुनाव ईवीएम के बजाय बैलेट पेपर से कराए जाएं। विपक्ष का मानना है कि बैलेट पेपर से चुनाव कराने पर चुनावी प्रक्रिया को लेकर भरोसा बढ़ सकता है। अब एमएलसी चुनाव में बैलेट पेपर के इस्तेमाल के बावजूद कांग्रेस को मिली हार को लेकर बीजेपी ने तंज कसना शुरू कर दिया है।
ये भी देखे: पटियाला के राजेंद्र जिमखाना एंड महिंद्रा क्लब में दो-दिवसीय स्वास्थ्य शिविर का हुआ आयोजन