पुणे से गुवाहाटी जा रही IndiGo फ्लाइट में तकनीकी खराबी, सुरक्षित लैंडिंग

by Manu
IndiGo Flight

पुणे, 15 नवंबर 2026: पुणे से गुवाहाटी जा रही IndiGo की फ्लाइट 6E 0623 को टेकऑफ के कुछ ही देर बाद तकनीकी खराबी का सामना करना पड़ा। विमान का लैंडिंग गियर टेकऑफ के बाद ऊपर नहीं हो पाया और बाहर की स्थिति में ही फंसा रहा। पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल को इसकी जानकारी दी।

विमान में यात्रियों और क्रू मेंबर्स सहित कुल 192 लोग सवार थे। सूचना मिलते ही पुणे एयरपोर्ट प्रशासन ने एटीसी IndiGo और संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर आपातकालीन तैयारियां शुरू कर दीं। भारतीय वायुसेना ने फुल इमरजेंसी घोषित कर दी। एयरपोर्ट पर निर्धारित आपातकालीन सुरक्षा प्रक्रियाएं सक्रिय कर दी गईं। दमकल गाड़ियों एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन बचाव दलों को अलर्ट पर रखा गया।

सुरक्षा के मद्देनजर विमान ने रनवे के ऊपर से लो पास किया ताकि लैंडिंग गियर की स्थिति का नेत्र परीक्षण किया जा सके। इसके बाद विमान ने सुबह 9:04 बजे पुणे एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की।

लैंडिंग के बाद तीन दमकल गाड़ियों और दो एंबुलेंस की निगरानी में विमान को बे नंबर-7 तक पहुंचाया गया। विमान की स्थिति सामान्य और सुरक्षित होने की पुष्टि के बाद सुबह 9:10 बजे एटीसी ने फुल इमरजेंसी वापस ले ली।

इसके बाद विमान से एयरोब्रिज जोड़ा गया और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। विमान में सवार सभी 192 यात्री और क्रू मेंबर्स पूरी तरह सुरक्षित हैं।

ये नहीं देखें: स्कूल लीडर्स के लिए सीजीसी लांडरां द्वारा विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया

You may also like