जन्माष्टमी से पहले सीएम योगी ने ब्रजवासियों को दी 1051 करोड़ की योजनाओं की सौगात

by Manu
yogi adityanath

मथुरा, 04 सितंबर 2026: जन्माष्टमी से एक दिन पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ब्रजवासियों को 1051 करोड़ रुपये की 229 विकास परियोजनाएं सौंपी। उन्होंने स्वामी श्रीहरिदास प्रेक्षागृह का लोकार्पण किया। संतों का सम्मान किया और विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता राशि स्वीकृति पत्र प्रमाण पत्र चेक व चाबियां दीं। प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 शहरी और मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत 7240 लाभार्थियों को सहायता राशि वितरित की गई।

मुख्यमंत्री ने बृहस्पतिवार को गीता शोध संस्थान एवं रासलीला अकादमी परिसर में 42.15 करोड़ रुपये की लागत से बने स्वामी श्री हरिदास प्रेक्षागृह का शुभारंभ किया। उन्होंने लाभार्थियों को चेक स्वीकृति पत्र प्रमाणपत्र और चाबियां सौंपी। तीन बच्चों का अन्नप्राशन और दो महिलाओं की गोदभराई भी कराई। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने परिसर में पारिजात का पौधा लगाया। संतों को शॉल माला फलों की टोकरी और प्रसाद भेंटकर सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विदेशी आक्रांताओं ने मंदिरों को तोड़ा लेकिन हमारी भक्ति को कभी डिगा नहीं पाए। सनातनी परंपरा कभी समाप्त नहीं हुई। मथुरा इसका सबसे बड़ा उदाहरण है। उन्होंने इस मौके पर 540 करोड़ से अधिक की 62 परियोजनाओं का लोकार्पण और 437 करोड़ से अधिक लागत की 167 परियोजनाओं का शिलान्यास किया। आवास योजना के लाभार्थियों के खाते में 72 करोड़ से अधिक की राशि भी भेजी।

सीएम ने कहा कि अब मथुरा वृंदावन बरसाना गोवर्धन और बलदेव क्षेत्र अपनी विरासत व उत्सव के लिए जाने जाते हैं। वर्ष 2017 से पहले यह संभव नहीं था। पहले मेरठ अलीगढ़ और बरेली में दंगे होते थे। पूर्व की सरकारें दंगाइयों को सीएम आवास में बुलाकर सम्मान देती रहीं। अब वह दौर खत्म हो गया है। कर्फ्यू और दंगे से मुक्त उत्तर प्रदेश में पर्यटक आ रहे हैं। कानून का राज है। मां-बेटी तभी निर्भय होकर बाहर निकलेंगी जब शासन पर उनका विश्वास होगा।

ये भी देखें: श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर राज्यपाल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दी शुभकामनाएं

You may also like