बिजनौर, 03 सितंबर 2025: उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में मंगलवार, 2 सितंबर 2025 को भूतपुरी के रामगंगा नदी घाट पर गणपति प्रतिमा विसर्जन के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। गणपति मूर्ति विसर्जन के लिए आए दो भाई, धर्मेंद्र (36) और विजेंद्र (34), नदी के तेज बहाव में बह गए।
पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) आलोक सिंह ने बुधवार को बताया कि श्रद्धालुओं का एक जत्था मंगलवार शाम भूतपुरी घाट पर गणपति विसर्जन के लिए एकत्र हुआ था। इसी दौरान दोनों भाई पानी में उतरे, लेकिन नदी का तेज बहाव उन्हें बहाकर ले गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और गोताखोर मौके पर पहुंचे, और दोनों भाइयों की तलाश शुरू कर दी गई।
सीओ ने बताया कि गोताखोरों की मदद से लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है, लेकिन अभी तक दोनों का पता नहीं चल सका है। रामगंगा नदी में हाल की बारिश के कारण जलस्तर और बहाव बढ़ा हुआ है, जिससे तलाश कार्य में चुनौतियां आ रही हैं। पुलिस और प्रशासन ने स्थानीय लोगों से नदी किनारे सावधानी बरतने की अपील की है।
ये भी देखे: बहराइच में जन्माष्टमी विसर्जन के दौरान भयानक हादसा, हाईटेंशन तार से करंट लगने से 8 बच्चे समेत 11 झुलसे