चंडीगढ़, 29 नवंबर 2026: पंजाब चुनाव 2027 से पहले राज्य का माहौल खराब करने की एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया गया है। पंजाब पुलिस के स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल अमृतसर और काउंटर इंटेलिजेंस जालंधर ने केंद्रीय एजेंसी के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए आईएसआई समर्थित आतंकी मॉड्यूल को तोड़ा है।
डीजीपी गौरव यादव की तरफ से साझा की गई जानकारी के अनुसार खालिस्तान कमांडो फोर्स के आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया गया है। पुलिस ने विदेशी हैंडलरों के निर्देश पर काम करने वाले दो प्रमुख आरोपितों को एसबीएस नगर से गिरफ्तार किया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपितों ने विदेशी हैंडलरों के निर्देश पर एसबीएस नगर के बहराम के निकट एक स्थान से हथियारों और विस्फोटक सामग्री की खेप प्राप्त की थी। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है। इस संबंध में एसएसओसी अमृतसर थाने में केस दर्ज किया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
ये भी देखें: कैथल पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दो बदमाशों को गिरफ्तार किया, खेल कोच पर हमले की फिराक में थे