जम्मू-कश्मीर पुलिस ने पाकिस्तान स्थित 5 आतंकी हैंडलर्स की 29 कनाल संपत्ति जब्त की

by Manu
आतंकी हैंडलर्स

चंडीगढ़, 25 नवंबर 2026: जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ सुरक्षा एजेंसियों ने बड़ी कार्रवाई की है। रियासी पुलिस ने पाकिस्तान में बैठकर आतंकी गतिविधियां चलाने वाले 5 आतंकी हैंडलर्स की करीब 29 कनाल अचल संपत्ति जब्त कर ली है। इस कार्रवाई का मकसद आतंकवाद को आर्थिक मदद पहुंचाने वाले नेटवर्क को कमजोर करना है।

पुलिस के मुताबिक इन संपत्तियों का इस्तेमाल आगे चलकर आतंकवादी गतिविधियों के लिए पैसा जुटाने में किया जा सकता था। यह कार्रवाई पुलिस स्टेशन महोर में दर्ज एक एफआईआर के तहत की गई है।

जम्मू-कश्मीर पुलिस ने एक्स पर इस कार्रवाई की जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि डीजीपी नलिन प्रभात ने रियासी के पांच कुख्यात आतंकियों की करीब 29 कनाल जमीन जब्त करने का आदेश दिया है। ये सभी पाकिस्तान से अपनी गतिविधियां चला रहे हैं। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता गैरकानूनी गतिविधियां रोकथाम अधिनियम और अन्य संबंधित कानूनी धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

पुलिस की कार्रवाई मोहम्मद कय्यूम उर्फ अब्दुल कय्यूम बशीर अहमद उर्फ मासूम शौकत अली मंजूर अहमद और इम्तियाज अहमद के खिलाफ की गई है। इन सभी की संपत्तियों की पहचान और पुष्टि रियासी पुलिस ने राजस्व विभाग के साथ मिलकर की। जांच और जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद यूएपीए 1967 के संबंधित प्रावधानों के तहत संपत्ति जब्त करने की कार्रवाई शुरू करने के लिए डीजीपी से मंजूरी ली गई थी।

ये नहीं देखें: कैथल पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दो बदमाशों को गिरफ्तार किया, खेल कोच पर हमले की फिराक में थे

You may also like