महेंद्रगढ़, 25 नवंबर 2026: गांव कूकसी में सांवलिया सेठ के नाम से संचालित होटल पर मंगलवार रात बोलेरो कैंपर में सवार होकर आए 3-4 युवकों ने फायरिंग कर दी। इसके बाद आरोपियों ने होटल में जमकर तोड़फोड़ की। लोहे की रॉड व डंडों से हमला कर होटल के शीशे तोड़ दिए। आरोपियों ने होटल के बाहर खड़ी स्कॉर्पियो गाड़ी को भी निशाना बनाया। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से भाग गए।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान एक जिंदा कारतूस तथा दो चले हुए कारतूस बरामद किए।
गांव डेरोली निवासी उदय सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने गांव कूकसी में सांवलिया सेठ के नाम से होटल किया हुआ है। मंगलवार रात करीब सवा 11 बजे वह होल के ऑफिस में बैठा था। जबकि कर्मचारी अपने काम में लगे हुए थे। इसी दौरान बोलेरो कैंपर में सवार होकर 3-4 युवक होटल पर पहुंचे। होटल पहुंचते ही उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। अचानक गोलियां चलने से होटल में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सभी ने खुद को बचाने के लिए सुरक्षित जगह ली।
इसके बाद युवकों ने होटल के ऑफिस और अन्य जगहों पर लोहे की रॉड व डंडों से हमला कर दिया। तोड़फोड़ के दौरान होटल के कई शीशे टूट गए। आरोपियों ने होटल के बाहर खड़ी स्कॉर्पियो गाड़ी को भी निशाना बनाया और उसके शीशे तोड़ दिए। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी युवक उसी बोलेरो कैंपर में बैठकर फरार हो गए।
होटल मालिक ने तुरंत डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान पुलिस को एक जिंदा कारतूस और दो चले हुए कारतूसों के खोल बरामद हुए। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी जांची जा रही है।
ये नहीं देखें: कैथल पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दो बदमाशों को गिरफ्तार किया, खेल कोच पर हमले की फिराक में थे