चंडीगढ़, 23 नवंबर 2026: निलंबित डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर से जुड़े रिश्वतकांड में अब पंजाब के कई आईएएस-आईपीएस अधिकारी भी फंसते नजर आ रहे हैं। भुल्लर और उनके बिचौलिए कृष्णु शारदा के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग की भी जांच चल रही है।
इसी कड़ी में प्रवर्तन निदेशालय ने पंजाब के आईएएस-आईपीएस समेत सात अधिकारियों को पूछताछ के लिए समन किए हैं। इन सात अधिकारियों में पांच अभी सरकारी सेवा में हैं। जबकि दो सेवानिवृत्त हो चुके हैं। ईडी इन अधिकारियों से पूछताछ कर भुल्लर और उनके सहयोगी कृष्णु शारदा से उनके संबंधों की जांच करेगी।
ईडी ने पंजाब के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के सचिव कुमार राहुल को सोमवार को पेश होने के लिए कहा है। फरीदकोट मंडल के कमिश्नर के स्टाफ अधिकारी आनंद सागर को 25 नवंबर को पूछताछ के लिए बुलाया गया है।
सामान्य प्रशासन एवं समन्वय विभाग की विशेष सचिव नीरू कत्याल गुप्ता को 26 नवंबर को ईडी के समक्ष पेश होने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस अधिकारियों में फाजिल्का के एसएसपी गगन अजीत सिंह और लुधियाना के पुलिस कमिश्नर स्वपन शर्मा को भी समन जारी किए गए हैं।
गगन अजीत सिंह को 26 नवंबर और स्वपन शर्मा को 27 नवंबर को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। सेवानिवृत्त अधिकारियों में जालंधर के पूर्व कमिश्नर गुरप्रीत सपरा और फरीदकोट फिरोजपुर तथा जालंधर के पूर्व डिविजनल कमिश्नर अरुण शेखरी शामिल हैं। गुरप्रीत सपरा को 26 नवंबर और अरुण शेखरी को 25 नवंबर को पेश होने के लिए कहा गया है।
ये नहीं देखें: हरियाणा के पूर्व भाजपा नेता शमशेर सिंह अहलावत का निधन, कांग्रेस सरकार में चेयरमैन रहे