मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने 1,000 और ‘पेंडु खेड मैदानां’ का किया उद्घाटन

by Manu
पेंडु खेड मैदानां

चंडीगढ़, 12 नवंबर 2026: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज पंजाब भर के 1,000 और ‘पेंडु खेड मैदानां’ लोगों को समर्पित किए, जिससे कुल लक्ष्य 3,100 में से अब तक उद्घाटित किए गए कुल मैदानों की संख्या 1,764 हो गई है। पंजाब सरकार युवाओं की ऊर्जा को खेलों की ओर लगाने और उन्हें नशे से दूर रखने के लिए अपनी मुहिम को तेज कर रही है। फतेहगढ़ साहिब के हलका अमलोह के गांव शाहपुर में उद्घाटन समारोह में शामिल होते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि पंजाब अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतिभा के हब के रूप में उभरने की नींव रख रहा है, जिसमें हर खेल मैदान को फुटबॉल, हॉकी, वॉलीबॉल और क्रिकेट किट से लैस किया जा रहा है।

पिछली सरकारों पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने न तो गांवों को ग्रांट दीं और न ही विकास कार्य किए, जबकि हमारी सरकार ग्रामीण युवाओं को अंतरराष्ट्रीय एथलीट बनने और पंजाब का नाम रोशन करने के अवसर देने के लिए खेल बुनियादी ढांचे को प्राथमिकता दे रही है।

इस मौके की कुछ झलकियां साझा करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “आज मैं जिला फतेहगढ़ साहिब के अमलोह हलका के अंतर्गत पड़ने वाले गांव शाहपुर में खेल मैदान के उद्घाटन समारोह में शामिल हुआ। यह बहुत खुशी की बात है कि पंजाब सरकार ने आज राज्य भर में 1,000 नए खेल मैदानों का उद्घाटन किया है। यह हमारे युवाओं को खेलों से जोड़ने और उन्हें नशे से दूर रखने की ओर बड़ा कदम है। हमें पूरा विश्वास है कि इन खेल मैदानों में पसीना बहाकर हमारे युवा आने वाले वर्षों में पूरी दुनिया में पंजाब का नाम रोशन करेंगे।”

इकट्ठ को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि पंजाब के युवाओं की ऊर्जा को नशे के कोढ़ से बचाने और उन्हें रचनात्मक दिशा देने के लिए खेलों की ओर मोड़ना बहुत जरूरी है। उन्होंने राज्य के अलग-अलग हिस्सों से इस कार्यक्रम में शामिल होने आए लोगों और राजनीतिक नेताओं का स्वागत किया और कहा कि एक स्वस्थ, अनुशासित और प्रगतिपसंद समाज की रचना में खेल अहम भूमिका निभा सकते हैं।

मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा, “हमारी सरकार पंजाब को नशा मुक्त बनाने के लिए वचनबद्ध है। हम आज लोगों को 1,000 और खेल मैदान समर्पित कर रहे हैं क्योंकि हमारे युवाओं को खेलों में आगे बढ़ने के लिए उचित सुविधाओं और अवसरों की जरूरत है। उनकी ऊर्जा को खेलों की ओर लगाकर हम उन्हें नशे से दूर रख सकते हैं और पंजाब तथा देश का नाम रोशन करने के लिए प्रोत्साहित कर सकते हैं।”

उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने पहली बार गांवों में उच्च स्तरीय खेल बुनियादी ढांचा विकसित करने के लिए आज बड़े पैमाने पर पहल की है, जिससे ग्रामीण युवाओं को उनके घरों के नजदीक आधुनिक सुविधाएं मिलना सुनिश्चित हुआ है। उन्होंने आगे कहा, “इस पहल के तहत पंजाब भर में 3,100 ‘पेंडु खेड मैदान’ विकसित किए जा रहे हैं। ये मैदान हमारी ‘युद्ध नशेयां विरुद्ध’ मुहिम का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। हमारा लक्ष्य हर गांव में खेल संस्कृति पैदा करना है ताकि युवा नशे की बजाय तंदरुस्ती, अनुशासन और सकारात्मक गतिविधियों को चुनें।”

ये नहीं देखें: स्कूल लीडर्स के लिए सीजीसी लांडरां द्वारा विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया

You may also like