हरियाणा सीएम ने उठाया पंजाब बाढ़ राहत राशि का मुद्दा, आप का पलटवार- सिर्फ गुमराह किया

by Manu
भाखड़ा जल विवाद: हरियाणा सुप्रीम कोर्ट जाएगा, पंजाब में विरोध जारी

चंडीगढ़, 10 नवंबर 2026: चुनाव से पहले हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब को पिछले साल केंद्र की ओर से जारी बाढ़ राहत राशि का मुद्दा उठाकर सियासी पारा बढ़ा दिया है। इस मसले पर उन्होंने प्रदेश की आम आदमी पार्टी सरकार को निशाने पर लिया है। उधर सैनी के बयान पर आप नेताओं ने भी पलटवार करते हुए उन्हें हरियाणा के मुद्दों पर ध्यान देने की सलाह दी है।

हाल ही में हरियाणा सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत लाभार्थियों को डीबीटी के माध्यम से राशि हस्तांतरित करने के कार्यक्रम के दौरान सीएम सैनी ने इस मुद्दे को सियासी हवा दी थी। उन्होंने कहा था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले साल बाढ़ के दौरान पंजाब के लिए 1600 करोड़ रुपये की सहायता घोषित की थी। लेकिन पंजाब सरकार अब भी केंद्र से पैसा नहीं मिलने की बात कह रही है। जबकि यह राशि दूसरे कामों में खर्च कर दी गई।

सैनी ने यह भी दावा किया था कि अपने दौरे के दौरान पंजाब के किसानों ने उन्हें बताया कि बहुत से लोग अभी तक मुआवजे का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने भगवंत मान पर चुनाव से पहले किए गए वादे पूरे नहीं करने और बाढ़ प्रभावित किसानों को पर्याप्त मुआवजा नहीं देने का आरोप लगाया।

पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि बाढ़ राहत पैकेज के नाम पर केंद्र सरकार ने सिर्फ गुमराह किया है। केंद्र जिन नियमित योजनाओं के आवंटन को राहत राशि बता रहा है वे बाढ़ नहीं आने की स्थिति में भी राज्य को मिलने थे।

चीमा ने कहा कि केंद्र से मिली 240 करोड़ रुपये की राशि नियमित एसडीआरएफ किस्त थी न कि कोई विशेष राहत पैकेज। उन्होंने 1600 करोड़ रुपये की घोषणा को राज्य को हुए नुकसान की तुलना में बेहद अपर्याप्त बताया। चीमा के मुताबिक पंजाब सरकार ने केंद्र से 20 हजार करोड़ रुपये का पैकेज मांगा था। उन्होंने सीएम सैनी को हरियाणा के मुद्दों पर अधिक ध्यान देने की सलाह दी।

ये नहीं देखें: स्कूल लीडर्स के लिए सीजीसी लांडरां द्वारा विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया

You may also like