चंडीगढ़, 08 नवंबर 2026: मानसा में कत्ल किए गए नशा विरोधी एक्टिविस्ट परविंदर झोटा का आज दिवाली के दिन अंतिम संस्कार किया जाएगा। शनिवार को चंडीगढ़ पीजीआई में पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद आज 8 नवंबर सुबह 5 बजे शव परिजन को सौंप दिया गया। वहां से परिजन शव लेकर मानसा रवाना हो गए हैं।
परिवार ने मानसा के चकेरिया रोड स्थित अपने पैतृक खेत में अंतिम संस्कार करने का फैसला किया है। उनकी पैतृक जमीन वाले खेत में ही उनकी चिता सजाई जाएगी। चकेरिया रोड स्थित इस जगह पर 12 से 1 बजे के बीच उन्हें अंतिम विदाई दी जाएगी।
एक्शन कमेटी ने बताया कि पहले शव को उनके घर पर रखा जाएगा। इसके बाद धरना स्थल पर ले जाया जाएगा। 13 अक्टूबर को मेडिकल स्टोर पर गोली मारकर झोटा की हत्या कर दी गई थी। करीब 26 दिन बाद उनका अंतिम संस्कार होगा।
उधर झोटा के पिता भीम सिंह 2 दिन से भूख हड़ताल पर बैठे हैं। उन्होंने मांग की कि पंजाब सरकार बेटे के अंतिम संस्कार से पहले मानसा के एसएसपी वैभव चौधरी को तबादला करे। उनका आरोप है कि चौधरी के नशा न रोकने की वजह से ही झोटा की हत्या हुई। एसएसपी का ट्रांसफर होने तक वह अन्न का एक दाना भी नहीं खाएंगे।
ये नहीं देखें: स्कूल लीडर्स के लिए सीजीसी लांडरां द्वारा विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया