पटना, 29 अक्टूबर 2026: चक्रवाती तूफान अर्नब के बाद बने मौसम सिस्टम का असर बिहार में भी दिखाई दे रहा है। राज्य के कई जिलों में गुरुवार को हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के पटना केंद्र ने शुक्रवार के लिए मधुबनी और सीतामढ़ी में अत्यधिक भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग ने दरभंगा, पूर्वी चंपारण, शिवहर और पश्चिमी चंपारण में भारी बारिश की आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, गोपालगंज, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, सारण, सीवान और वैशाली समेत कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
कई जिलों में आंधी और बिजली गिरने की आशंका
IMD के मुताबिक, शुक्रवार को उत्तर बिहार के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।
पटना, गोपालगंज, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, शिवहर, सुपौल और वैशाली में भी भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया गया है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।
31 अक्टूबर तक जारी रह सकती है बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवात अर्नब के कमजोर पड़ने के बाद बना कम दबाव का क्षेत्र उत्तर दिशा की ओर बढ़ रहा है। इसके साथ सक्रिय पूर्वी हवाओं के कारण बिहार में 31 अक्टूबर तक बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।
IMD पटना के प्रमुख आनंद शंकर के अनुसार, मौसम प्रणाली और नमी वाली पूर्वी हवाओं के प्रभाव से राज्य में बारिश की गतिविधियों में उल्लेखनीय वृद्धि होने की संभावना है।
तापमान में 3 से 4 डिग्री तक गिरावट संभव
मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों में बिहार के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरने का अनुमान जताया है। बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव, यातायात बाधित होने और नदियों के जलस्तर में अचानक वृद्धि का खतरा भी बताया गया है।
तेज हवाओं और बारिश से खड़ी फसलों तथा पेड़ों को नुकसान पहुंच सकता है। विभाग ने लोगों को जलभराव वाली सड़कों से बचने और आकाशीय बिजली चमकने के दौरान खुले स्थानों पर नहीं रहने की सलाह दी है।
शनिवार के लिए भी उत्तर-पश्चिमी, उत्तर-मध्य और दक्षिण-पश्चिमी बिहार के कुछ हिस्सों में गरज-चमक, बिजली और तेज हवाओं का येलो अलर्ट जारी किया गया है।