गाजियाबाद, 28 अक्टूबर 2026: दिल्ली से सटे गाजियाबाद के निवाड़ी थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई है। और इसमें बावरिया गैंग का कुख्यात बदमाश धर्मेंद्र उर्फ टिड्डी ढेर हो गया है। इस मुठभेड़ में पुलिसकर्मी भी घायल हो गए हैं। धर्मेंद्र उर्फ टिड्डी के खिलाफ 17 मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार गाजियाबाद क्राइम ब्रांच की टीम ने मुठभेड़ के दौरान एक लाख रुपये के इनामी बदमाश धर्मेंद्र उर्फ टिड्डी उर्फ बावरिया को मार गिराया है। अमरोहा के बर्शी गांव का रहने वाला धर्मेंद्र निवाड़ी क्षेत्र में नहर की पटरी पर हुई मुठभेड़ में मारा गया। मुठभेड़ के दौरान क्राइम ब्रांच के तीन पुलिसकर्मी विनीत अमित और हिमांशु भी गोली लगने से घायल हो गए। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया है।
गाजियाबाद पुलिस ने मौके से एक पिस्टल भी बरामद की है। धर्मेंद्र पर गाजियाबाद के निवाड़ी और बागपत के खेकड़ा में 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। वह गैंग के साथ मिलकर लगातार डकैती की वारदातों को अंजाम दे रहा था।
गाजियाबाद पुलिस के मुताबिक बदमाश धर्मेंद्र उर्फ टिड्डी के खिलाफ विभिन्न थाना क्षेत्रों में करीब 17 मुकदमे दर्ज हैं। पिछले करीब एक साल से बागपत और गाजियाबाद पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। इससे पहले हाल ही में गाजियाबाद में दुष्कर्म के मामले में दो वांछित आरोपियों की पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया था। दोनों आरोपियों के पास से पुलिस ने दो अवैध तमंचे भी रिकवर किए थे। एनकाउंटर में घायल होने के बाद दोनों आरोपियों को इलाज के लिए जिला एमएमजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
ये भी देखे: पटियाला के राजेंद्र जिमखाना एंड महिंद्रा क्लब में दो-दिवसीय स्वास्थ्य शिविर का हुआ आयोजन