गोरखपुर, 28 अक्टूबर 2026: उत्तर प्रदेश विधान परिषद के गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में बीजेपी के प्रत्याशी और तीन बार के एमएलसी ध्रुव कुमार त्रिपाठी ने जीत दर्ज की है। उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी राजीव यादव को 276 मतों के अंतर से हराया। हालांकि औपचारिक घोषणा का इंतजार है। तीसरे स्थान पर समाजवादी पार्टी प्रत्याशी संजयन त्रिपाठी रहे।
पहली वरीयता के मतों की गिनती में ध्रुव त्रिपाठी को 11881 वोट मिले। जबकि निर्दलीय प्रत्याशी राजीव यादव 11415 मतों के साथ दूसरे स्थान पर रहे। समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी डॉ. संजयन त्रिपाठी को 8301 वोट मिले। और वह तीसरे स्थान पर रहे। दूसरी वरीयता के मतों की गिनती के बाद ध्रुव त्रिपाठी की जीत का रास्ता साफ हुआ।
गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक सीट पर मतगणना 35 घंटे से अधिक समय तक चली। इस दौरान शुरुआती रुझानों में निर्दलीय प्रत्याशी राजीव यादव बढ़त बनाए हुए थे। पहले दो चरणों में यादव आगे रहे। जबकि तीसरे चरण के अंत तक उनकी बढ़त 370 से अधिक मतों की बताई गई। हालांकि पहली वरीयता के मतों की चौथे और अंतिम चरण की गिनती में ध्रुव त्रिपाठी आगे निकल गए।
मतगणना प्रक्रिया को लेकर समाजवादी पार्टी और निर्दलीय प्रत्याशी ने सवाल उठाए। सपा ने चुनाव पर्यवेक्षक पर बीजेपी प्रत्याशी के पक्ष में काम करने का आरोप लगाया। और मतगणना प्रक्रिया का बहिष्कार किया। सपा के कार्यवाहक जिलाध्यक्ष बृजेश गौतम ने आरोप लगाया कि रिटर्निंग ऑफिसर ने प्रत्याशियों को चरणवार मतगणना चार्ट उपलब्ध नहीं कराया।
सपा प्रत्याशी डॉ. संजयन त्रिपाठी ने भी मतगणना के रुझानों में अचानक बदलाव पर सवाल उठाते हुए प्रक्रिया का बहिष्कार करने की बात कही। वहीं निर्दलीय प्रत्याशी राजीव यादव ने भी मतगणना में गड़बड़ी की आशंका जताई।
ये भी देखे: सीजफायर के बाद भी ईरान में भारतीय दूतावास ने जारी की एडवाइजरी, कहा – नागरिक तुरंत देश छोड़ें