चंडीगढ़, 28 अक्टूबर 2026: कांग्रेस पार्टी और उसके नेतृत्व वाले इंडिया गठबंधन ने आगामी एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में रैली बुलाई है। राहुल गांधी बीते लंबे समय से वोट चोरी का आरोप लगा रहे हैं। और चुनाव आयोग पर हमला कर रहे हैं। राहुल गांधी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे के लिए आंदोलन कर रहे हैं। इसी क्रम में अब कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके बड़ा ऐलान करते हुए विपक्ष की इस रैली को समर्थन देने का ऐलान किया है।
अभिजीत दीपके ने एक्स पर किए गए पोस्ट में कहा है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा जरूरी है। एसआईआर के जरिए ज्ञानेश कुमार ने निष्पक्ष और स्वतंत्र चुनाव कराने के लिए जरूरी भरोसा खो दिया है। चुनाव आयोग की विश्वसनीयता और स्वतंत्रता को बहाल करने के लिए उनका इस्तीफा जरूरी है। चुनाव आयोग की जिम्मेदारी है कि वह हर योग्य नागरिक के वोट देने के अधिकार की रक्षा करे। न कि इस अधिकार का इस्तेमाल करने में रुकावटें पैदा करे। कॉकरोच जनता पार्टी उन सभी संगठनों का समर्थन करेगी जो हमारे देश में निष्पक्ष और स्वतंत्र चुनाव कराने के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
दिल्ली पुलिस ने एक नवंबर को रामलीला मैदान में विपक्ष की रैली को इजाजत दी तो है मगर कई सख्त शर्तों के साथ। पुलिस द्वारा ऐसी कई शर्तें लगाई गई हैं जिन्हें हर हाल में पूरा करना होगा। मसलन रामलीला मैदान के बाहर को भीड़ नहीं होगी। रैली शाम पांच बजे तक खत्म करनी होगी। रात में कोई भी शख्स रामलीला मैदान में नहीं रुकेगा। पूरे मैदान में एचडी सीसीटीवी कैमरे लगाने होंगे। पांच स्क्रीन का कंट्रोल रूम बनाना होगा। मंच से कोई भड़काऊ बात नहीं कही जाएगी। इन तमाम शर्तों के साथ एक नवंबर की रैली होने वाली है। इधर विपक्ष के सभी सांसदों को 30 अक्टूबर दोपहर एक बजे से पहले दिल्ली पहुंचने को कहा गया है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के घर पर मॉक पार्लियामेंट लगेगी। जहां ज्ञानेश कुमार का पब्लिक इंपीचमेंट किया जाएगा।
ये भी देखे: सीजफायर के बाद भी ईरान में भारतीय दूतावास ने जारी की एडवाइजरी, कहा – नागरिक तुरंत देश छोड़ें