चंडीगढ़, 20 अक्टूबर 2026: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के ओएसडी राजबीर घुम्मन सोमवार को सीएमओ से जुड़े कथित करप्शन केस में पूछताछ के लिए चंडीगढ़ स्थित सीबीआई कार्यालय पहुंचे। पूछताछ के बाद दफ्तर से बाहर आए घुम्मन ने कहा कि उनसे 50 सवाल पूछे गए।
राजबीर ने कहा कि सीबीआई ने उनसे जो सवाल पूछे उनमें से कुछ पुराने थे। कुछ नए सवाल थे। उन्होंने सभी के जवाब दिए हैं। अब 22 अक्टूबर को फिर से उन्हें बुलाया गया है। घुम्मन ने कहा कि वह निष्पक्ष जांच के लिए तैयार हैं। वह किसी बात से नहीं डरते।
इससे पहले बीते शुक्रवार को घुम्मन सीबीआई के सामने पेश हुए थे। उस दौरान उनसे छह घंटे तक पूछताछ की गई थी।
इससे पहले राजबीर घुम्मन ने पूछताछ के बाद कहा था कि सीबीआई ने उनसे करीब 40 सवाल पूछे। जिनका उन्होंने तसल्ली से जवाब दिया। उन्होंने जांच को अच्छे तरीके से चलने वाला बताया था। घुम्मन के मुताबिक पूछताछ के दौरान माहौल अच्छा था। उन्होंने कहा था कि सीबीआई का जांच करने का अपना तरीका है। इसलिए उनके वकीलों को अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गई।
उन्होंने अपने साथियों से भी घबराने की जरूरत नहीं होने की बात कही थी। और भरोसा जताया था कि उन्हें जल्द क्लीन चिट मिलेगी। इस मामले में प्रवर्तन निदेशालय भी कार्रवाई कर रहा है। ईडी ने 13 अक्टूबर को जालंधर में केस दर्ज किया था। ऐसे में कथित करप्शन केस की जांच सीबीआई के साथ ईडी भी कर रही है।
ये भी देखे: BREAKING: नालंदा के मघड़ा शीतला मंदिर में भगदड़, अब तक 8 लोगों की मौत