गुरुग्राम, 14 अक्टूबर 2026: हरियाणा के गुरुग्राम के सोहना इलाके में सुबह-सुबह पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक थार गाड़ी में दो गायों को लेकर जा रहे तीन बदमाशों को नूंह क्राइम ब्रांच की टीम ने घेरने की कोशिश की। इसी दौरान फायरिंग शुरू हो गई। जवाबी कार्रवाई में वांछित अपराधी शाहिद उर्फ आडवाणी घायल हो गया और उसकी मौत हो गई। जबकि उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस ने मौके से गायों को मुक्त कराकर गौशाला भेज दिया है।
घटना सोहना के गांव भिवरावटी से सिलानी रोड पर गुरुग्राम-नूंह सीमा के पास की है। पुलिस के अनुसार नूंह क्राइम ब्रांच को सुबह करीब चार बजे सूचना मिली थी कि शाहिद उर्फ आडवाणी अपने साथियों के साथ गायों की तस्करी के लिए निकलने वाला है। सूचना के आधार पर टीम ने उसकी तलाश शुरू की। कुछ समय बाद फरीदाबाद नंबर की थार गाड़ी दिखाई दी। जिसमें तीन लोग सवार थे और डिग्गी में दो गाय रखी हुई थीं। पुलिस टीम ने गाड़ी को रोकने के लिए घेराबंदी की। लेकिन इसी दौरान बदमाशों की तरफ से फायरिंग की गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में साजिद को गोली लगी। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बाकी दोनों आरोपी फरार हो गए।
मुठभेड़ के बाद मौके पर सोहना सदर थाना पुलिस फॉरेंसिक टीम और सीन ऑफ क्राइम टीम पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सोहना नागरिक अस्पताल भिजवा दिया। वहीं पशु चिकित्सक को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। जांच के बाद थार गाड़ी में मिली दोनों गायों को मुक्त कराकर गौशाला भेज दिया गया। पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश करने के साथ घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर पूरे मामले की जांच कर रही है।
ये भी देखे: गुरुग्राम में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, पंजाब का रहने वाला एक बदमाश ढेर, दूसरा घायल