चंडीगढ़, 11 अक्टूबर 2026: सऊदी अरब की राजधानी रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शनिवार को हूती विद्रोहियों ने फिर हमला किया। धमाके में 12 लोगों की मौत हुई है। 300 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं।
कुछ घायलों की हालत गंभीर है। मृतकों में चार सऊदी दो बांग्लादेशी और अमेरिका फिलिस्तीन मिस्र जॉर्डन सीरिया और सूडान के एक-एक नागरिक शामिल हैं। हमले के बाद एयरपोर्ट खाली कराया गया। उड़ानें रोक दी गईं। बीते 24 घंटे में एयरपोर्ट की कम से कम 225 उड़ानें रद्द हुईं।
रियाद एयरपोर्ट पर बीते 20 दिन में यह चौथा हमला है। हूतियों ने इस हफ्ते अंतरराष्ट्रीय एयरलाइंस को चेतावनी दी थी कि सऊदी अरब के हवाई क्षेत्र में उड़ानें चलाने के गंभीर नतीजे हो सकते हैं।
एक अधिकारी के मुताबिक शनिवार को एक मिसाइल यात्री टर्मिनल से टकराई। जिससे कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद एंबुलेंस तेजी से एयरपोर्ट की ओर जाती दिखाई दीं।
यमन में हूती विद्रोहियों और सऊदी अरब के समर्थन वाली सरकारी सेना के बीच लड़ाई तेज हो गई है। सऊदी अरब अपने लड़ाकू विमानों से हूतियों के ठिकानों पर हवाई हमले कर रहा है। यमन की सरकारी सेना जमीन पर आगे बढ़ रही है।
इसका मकसद लाल सागर के पास हूतियों के कब्जे वाले इलाकों को वापस लेना और बाब-अल-मंदेब स्ट्रेट पर उनका दबदबा कम करना है। यह समुद्री रास्ता दुनिया के व्यापार और तेल की सप्लाई के लिए बेहद अहम है।
हालिया सैन्य कार्रवाई के जवाब में हूतियों ने भी सऊदी अरब के एयरपोर्ट तेल ठिकानों और सैन्य अड्डों को निशाना बनाने का दावा किया है। इससे दोनों पक्षों के बीच तनाव और बढ़ गया है।
ये भी देखे: इजरायल: हूती विद्रोहियों ने तेल अवीव एयरपोर्ट पर किया हमला, मिसाइल दागे