उत्तरकाशी में भूकंप के तेज झटके, 4.2 दर्ज की गई तीव्रता, चार दिनों में दूसरी घटना

by Manu
भूकंप

उत्तरकाशी, 10 अक्टूबर 2026: उत्तरकाशी जिला मुख्यालय सहित जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में शनिवार देर शाम भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। भूकंप के झटकों से लोगों में दहशत फैल गई। कई लोग घरों व व्यापारिक प्रतिष्ठानों से बाहर भागकर आये।

जिला आपदा प्रबंधन केंद्र के अनुसार भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 4.2 दर्ज की गई है। इसका केंद्र बसुंगा के जंगलों में जमीन से 11 किलोमीटर नीचे बताया गया है।

जनपद में चार दिन के अंतराल में भूकंप के झटके आने की यह दूसरी घटना है। इससे पूर्व बीते मंगलवार रात करीब 10:23 बजे भी भूकंप आया था। जिसकी तीव्रता 4.9 दर्ज की गई थी। उस भूकंप का केंद्र चमोली जनपद में बताया गया था।

उत्तरकाशी भूकंप की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्र है। जनपद भूकंपीय जोन चार और पांच में आता है। 20 अक्टूबर 1991 की रात यहां 6.1 तीव्रता का विनाशकारी भूकंप आया था। जिसमें बड़े पैमाने पर जान-माल का नुकसान हुआ था।

उसके बाद से यहां करीब 100 से अधिक भूकंप के झटके आ चुके हैं। जब भी भूकंप के झटके आते हैं तो लोगों के जेहन में 1991 के विनाशकारी भूकंप की कड़वी यादें ताजा हो जाती हैं।

उपलब्ध विवरण के अनुसार वर्ष 1991 के भूकंप से 1294 गांव प्रभावित हुए थे। इसमें 700 से अधिक लोगों की मृत्यु हुई। पांच हजार से ज्यादा लोग घायल हुए थे।

ये भी देखे: उत्तराखंड के उत्तरकाशी में भूकंप के झटके, आपदा कंट्रोल रूम ने की पुष्टि

You may also like