पटना, 09 अक्टूबर 2026: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज लोक सेवक आवास स्थित संकल्प सभागार में सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर संबंधित विभागों के पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से अभियान के तहत निर्धारित कार्ययोजना की विस्तृत जानकारी मुख्यमंत्री को दी।
अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि आवश्यकतानुसार नए स्वास्थ्य उप-केंद्र भवनों का निर्माण कराया जा रहा है। मरीजों एवं उनके परिजनों के लिए प्रतीक्षालय और बैठने की व्यवस्था की जा रही है। लोगों की सहायता के लिए हेल्प डेस्क की स्थापना भी की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर अभियान के तहत निर्धारित कार्यों को तेजी से और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करें। उन्होंने कहा कि आम लोगों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी विभाग पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें। कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष ध्यान दें।
मुख्यमंत्री ने विद्यालयों की व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि विद्यालयों में रंग-रोगन चहारदीवारी निर्माण तथा अन्य मरम्मती कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। विद्यालयों में बेहतर शौचालय शुद्ध पेयजल बिजली एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। जहां आवश्यकता हो वहां अतिरिक्त वर्ग-कक्षों का निर्माण कराया जाए। भवनविहीन विद्यालयों में विद्यालय भवन का निर्माण कराया जाए ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके। मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण कार्य में भी तेजी लाने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों अनुमंडल स्वास्थ्य केंद्रों एवं जिला स्वास्थ्य केंद्रों में बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इलाज के लिए आने वाले मरीजों को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हों। उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। स्वास्थ्य केंद्रों में स्वच्छता आवश्यक सुविधाओं एवं मरीजों की सहूलियत पर विशेष ध्यान दें। मुख्यमंत्री ने बस अड्डों की साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। बड़ी संख्या में लोग बस अड्डों से आवागमन करते हैं। ऐसे में यात्रियों की सुरक्षा के साथ-साथ उनके लिए सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।
मुख्यमंत्री ने शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को शीघ्र चालू कराने तथा आवश्यकता के अनुसार नई स्ट्रीट लाइटें लगवाने का निर्देश दिया। उन्होंने सार्वजनिक नलकूपों की समुचित मरम्मत कराने और उन्हें पूरी तरह क्रियाशील बनाए रखने को भी कहा। ताकि लोगों को इसका समुचित लाभ मिल सके।