रामपुर, 03 अक्टूबर 2026: हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम के तहत रामपुर की दुर्गम काशापाट पंचायत में ग्रामीणों के बीच रात बिताई। सीएम ने केंद्र सरकार से रिटायर रूपन दास के घर रात्रि विश्राम किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर क्षेत्र की समस्याएं जानीं। स्थानीय जीवनशैली संस्कृति और खान-पान को करीब से देखा।
मुख्यमंत्री के काशापाट पहुंचने पर ग्रामीणों ने पारंपरिक अंदाज में उनका स्वागत किया। ग्रामीणों ने उन्हें हिमाचली पारंपरिक परिधान छुपटी यानी कोट पहनाई। लोक वाद्य और पारंपरिक वेशभूषा के बीच हुए स्वागत के बाद सीएम ग्रामीणों के साथ घुल-मिल गए। उन्होंने स्थानीय लोगों के साथ नाटी भी डाली। जिससे माहौल हिमाचली लोक संस्कृति के रंग में रंग गया।
मुख्यमंत्री के लिए डिनर और ब्रेकफॉस्ट किसी फाइव स्टार होटल में नहीं बल्कि स्थानीय महिलाओं ने मिलकर तैयार किया। रात्रि भोज में उन्हें कोदे और फफड़े के चिलड़े दाल व सब्जी परोसी गई। मुख्यमंत्री ने स्थानीय व्यंजनों का स्वाद लिया। ग्रामीणों के साथ भोजन किया। सुबह नाश्ते में छोले तुलसी और कोदे के चिलटू परोसे गए।
ये भी देखे: किशाऊ जलविद्युत परियोजना का MOU जल्द होगा हस्ताक्षरित, सीएम सुक्खू ने हाई पावर कमेटी की मीटिंग ली