चंडीगढ़, 24 सितंबर 2026: ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी के पंजाब और चंडीगढ़ दफ्तरों में दो दिन से चल रही ईडी की रेड के खिलाफ आम आदमी पार्टी प्रदर्शन कर रही है। आप कार्यकर्ता मोहाली के पुडा भवन पहुंचे जहां सुरक्षाकर्मियों से उनकी धक्कामुक्की हुई।
कार्यकर्ता बैरिकेड तोड़कर भवन में घुस गए। वहां आप कार्यकर्ताओं ने पुलिस से धक्कामुक्की कर ऑफिस में घुसने की कोशिश की। हालांकि सीआरपीएफ के जवानों ने उन्हें बिल्डिंग में नहीं घुसने दिया। इसके बाद आप समर्थकों ने खिड़कियों पर पत्थर भी मारे जिससे कुछ शीशे टूटे। पुडा भवन में बड़ी संख्या में सीआरपीएफ के जवान तैनात हैं।
पंजाब और चंडीगढ़ में ईडी की कार्रवाई पर दिल्ली के पूर्व मंत्री मनीष सिसोदिया ने भी तंज कसा। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा कि ये ईडी वाले आजकल मोदी की डकैत सेना बनकर लोगों को डराते घूम रहे हैं। ताले तोड़कर लोगों के घरों में घुस रहे हैं लेकिन इन डकैतों को कुछ मिल ही नहीं रहा। हर जगह से खाली हाथ वापस आना पड़ रहा है।
बुधवार को ईडी ने मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां के भांजे के घर लुधियाना में भी रेड की। देर रात टीम दिल्ली के पूर्व मंत्री सतेंद्र जैन के घर में भी ताले तोड़कर घुसी। चंडीगढ़ के सेक्टर-39 की कोठी नंबर 926 में सतेंद्र जैन रहते थे। इसके बाद बुधवार देर रात पंजाब सरकार हाईकोर्ट चली गई।
सरकार ने हाईकोर्ट में तत्काल सुनवाई की मांग की। इस याचिका पर हाईकोर्ट ने ईडी की छापेमारी की निगरानी के लिए वारंट ऑफिसर नियुक्त किया है। वारंट ऑफिसर को मौके पर जाकर छापेमारी की स्थिति देखने और इसकी रिपोर्ट अदालत में पेश करने के निर्देश दिए गए हैं।
वारंट ऑफिसर किसी भी समय छापेमारी वाली जगह पर जाकर निरीक्षण कर सकता है। उसे गुरुवार दोपहर दो बजे तक मामले की स्टेटस रिपोर्ट हाईकोर्ट में सौंपनी होगी।
ये भी देखे: Amritsar mayoral elections : आप के जीत के बाद काँग्रेस और अकाली दल का विरोध प्रदर्शन