UP International Trade Show 2026 में दिखेंगे यूपी के सांस्कृतिक रंग, मोनाली ठाकुर से पं. शिवनाथ मिश्रा तक देंगे प्रस्तुति
लखनऊ, 23 सितंबर। ग्रेटर नोएडा में 25 से 29 सितंबर तक आयोजित होने जा रहे UP International Trade Show 2026 में इस बार कारोबार और निवेश के साथ उत्तर प्रदेश की कला और सांस्कृतिक विरासत की भी झलक देखने को मिलेगी। इंडिया एक्सपो मार्ट में आयोजित होने वाले पांच दिवसीय कार्यक्रम में हर शाम सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम में प्रदेश की लोक परंपराओं के साथ शास्त्रीय संगीत, कथक, लोक नृत्य, भजन और हल्के संगीत की प्रस्तुतियां होंगी। बॉलीवुड गायिका मोनाली ठाकुर और पद्मश्री सितार वादक पं. शिवनाथ मिश्रा समेत देश और प्रदेश के कई कलाकार इस आयोजन में प्रस्तुति देंगे।
व्यापार के साथ कला और संस्कृति का मंच
UP International Trade Show को इस बार केवल व्यापारिक गतिविधियों तक सीमित नहीं रखा गया है। आयोजन में उत्तर प्रदेश की लोक कलाओं और सांस्कृतिक विविधता को भी प्रदर्शित किया जाएगा।
पांच दिनों तक चलने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम में अलग-अलग क्षेत्रों की लोक परंपराओं को मंच मिलेगा। इसके जरिए प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को देश-विदेश से आने वाले दर्शकों और कारोबारी प्रतिनिधियों के सामने प्रस्तुत करने की तैयारी है।
कार्यक्रम की शुरुआत शंख वादन और स्वस्ति वाचन से होगी। इसके बाद लोकगीत, लोकनृत्य, कथक, भजन और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी।
पहले दिन लोकगीत और मथुरा के लोकनृत्य की प्रस्तुति
पहली शाम कार्यक्रम की शुरुआत रश्मि आर्या, बागपत के शंख वादन और स्वस्ति वाचन से होगी। इसके बाद लखनऊ की मालविका हरिओम लोकगीत प्रस्तुत करेंगी।
मथुरा की सीमा मोरवाल लोकनृत्य की प्रस्तुति देंगी, जबकि लखनऊ की आकांक्षा श्रीवास्तव कथक नृत्य नाटिका पेश करेंगी। कानपुर/मुंबई की आकांक्षा त्रिपाठी की भजन प्रस्तुति भी कार्यक्रम का हिस्सा होगी।
दूसरी शाम मोनाली ठाकुर की स्टार नाइट
दूसरे दिन की शाम बॉलीवुड गायिका मोनाली ठाकुर की प्रस्तुति मुख्य आकर्षण होगी। इससे पहले नोएडा के पं. चेतन जोशी वाद्य संगीत की प्रस्तुति देंगे।
लखनऊ की वंदना मिश्रा लोकगीत और नोएडा की मर्यादा कुलश्रेष्ठ कथक नृत्य नाटिका प्रस्तुत करेंगी। प्रयागराज की पूर्णिमा कुमार ढेढ़िया नृत्य की प्रस्तुति देंगी।
इसके बाद मोनाली ठाकुर की स्टार नाइट आयोजित की जाएगी।
तीसरे दिन राय और कथक नृत्य रहेगा आकर्षण
तीसरे दिन के कार्यक्रम में पखावज की प्रस्तुति के साथ लोक और शास्त्रीय कला का संगम देखने को मिलेगा। पं. रविशंकर उपाध्याय और पं. ऋषिशंकर उपाध्याय पखावज की प्रस्तुति देंगे।
रायबरेली की शीलू सिंह राजपूत आल्हा गायन करेंगी। झांसी की वंदना कुशवाहा राय लोकनृत्य और नोएडा की प्रियंवदा सिंह कथक प्रस्तुत करेंगी।
सहारनपुर की रंजना नेब नृत्य नाटिका पेश करेंगी, जबकि नोएडा का सर्वत्र बैंड संगीत प्रस्तुति देगा।
चौथे दिन पं. शिवनाथ मिश्रा की सितार प्रस्तुति
चौथी शाम शास्त्रीय संगीत प्रेमियों के लिए खास होगी। वाराणसी के पद्मश्री पं. शिवनाथ मिश्रा सितार वादन की प्रस्तुति देंगे।
इसके अलावा लखनऊ की सबीना सैफी हल्का संगीत, नोएडा की निशा केसरी कथक और पीलीभीत के राजनेश राणा थारू जनजातीय नृत्य प्रस्तुत करेंगे।
लखनऊ/मुंबई का बांदा बैरागी बैंड सूफी संगीत की प्रस्तुति देगा।
पांचवें दिन दिखेंगे ‘कलर्स ऑफ इंडिया’ के रंग
कार्यक्रम की पांचवीं और अंतिम शाम में देश की विविध सांस्कृतिक परंपराओं को एक साथ प्रस्तुत करने की तैयारी है। मुंबई के ओमप्रकाश दुबे भजन गायन करेंगे, जबकि गोरखपुर के राकेश उपाध्याय लोकगीत प्रस्तुत करेंगे।
गाजियाबाद की मिताली सैनी कथक नृत्य नाटिका पेश करेंगी। इसके बाद प्रसिद्ध कोरियोग्राफर श्रीराम सांखला के निर्देशन में ‘कलर्स ऑफ इंडिया’ की प्रस्तुति होगी।
स्थानीय कलाकारों को मिलेगा बड़ा मंच
UP International Trade Show 2026 में देश के चर्चित कलाकारों के साथ उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों से जुड़े कलाकारों को भी मंच दिया जा रहा है। बागपत, मथुरा, लखनऊ, कानपुर, झांसी, रायबरेली, सहारनपुर, वाराणसी, पीलीभीत और गोरखपुर समेत कई क्षेत्रों के कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे।
इससे व्यापारिक गतिविधियों के बीच प्रदेश की अलग-अलग लोक परंपराओं और सांस्कृतिक शैलियों को भी दर्शकों तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा।
पांच दिनों के इस आयोजन में व्यापार, निवेश और उद्यमिता के साथ लोक कला, शास्त्रीय संगीत और सांस्कृतिक विरासत को एक ही मंच पर प्रस्तुत किया जाएगा। इससे UP International Trade Show 2026 में आने वाले दर्शकों और प्रतिनिधियों को उत्तर प्रदेश की आर्थिक गतिविधियों के साथ उसकी सांस्कृतिक विविधता की भी झलक मिलेगी।
यह भी देखें: UP International Trade Show 2026 में चमकेगा फिरोजाबाद का कांच उद्योग, 46 उद्यमी लगाएंगे 54 स्टॉल