दिल्ली, 23 सितंबर 2026: कालकाजी मंदिर के पास आस्था कुंज पार्क में हुई घटना के बाद अब सरकार ने दिल्ली के सभी पार्कों की सुरक्षा जांच का आदेश दिया है। उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने नगर निगम एमसीडी दिल्ली पुलिस और डीडीए के अधिकारियों के साथ बैठक के बाद राजधानी के सभी पार्कों का एक सप्ताह के भीतर व्यापक सुरक्षा ऑडिट कराने का निर्देश दिया है।
इसमें पार्कों में पर्याप्त रोशनी सुरक्षा व्यवस्था नियमित पुलिस गश्त और साफ-सफाई की स्थिति की जांच की जाएगी। एलजी का यह निर्देश दक्षिणी दिल्ली के कालकाजी इलाके में आस्था कुंज पार्क में 17 वर्षीय किशोरी से जुड़ी घटना के बाद आया है।
पुलिस के अनुसार तीन आरोपितों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर किशोरी और उसके दोस्त को धमकाया। मामले में तीनों आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
एलजी ने पार्कों के सुरक्षा ऑडिट में पर्याप्त और काम कर रही लाइटों की उपलब्धता को प्राथमिकता देने को कहा है। आस्था कुंज पार्क की घटना के बाद सामने आई सुरक्षा संबंधी चिंताओं में पार्क के कई हिस्सों में अंधेरा और निगरानी की कमी का मुद्दा भी सामने आया है। एक रिपोर्ट के अनुसार पार्क में कई लैंप पोस्ट काम नहीं कर रहे थे और अंदर सीसीटीवी की भी कमी थी।
संधू ने दिल्ली पुलिस को पार्कों के आसपास बीट पेट्रोलिंग मजबूत करने का निर्देश दिया है। पार्क परिसरों के आसपास पिंक पुलिस कर्मियों की तैनाती पर भी जोर दिया गया है ताकि महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा को मजबूत किया जा सके।
ये भी देखे: कालकाजी मंदिर के पास नाबालिग से दुष्कर्म का मामला, एक आरोपी गिरफ्तार