मुंबई, 19 सितंबर 2026: इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी बॉम्बे में बी.टेक के दूसरे साल के एक छात्र ने आत्महत्या कर ली है। आईआईटी पवई कैंपस में छह महीने में आत्महत्या का यह तीसरा मामला है। जानकारी में सामने आया है कि इस छात्र को परीक्षा के दौरान चैटजीपीटी का इस्तेमाल करते पकड़ा गया था। उसी शाम वह छात्र हॉस्टल के कमरे में मृत पाया गया।
छात्र की आत्महत्या की घटना के बाद कैंपस में छात्र विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं और संस्थान प्रशासन से जवाबदेही की मांग की जा रही है। आईआईटी बॉम्बे ने छात्र की आत्महत्या के मामले में एक बयान जारी करते हुए कहा कि वह एक छात्र की मौत से बहुत दुखी है। संस्थान छात्र के दोस्तों क्लासमेट्स फैकल्टी सदस्यों और इस दुखद घटना से प्रभावित अन्य लोगों को सहायता दे रहा है। संबंधित अधिकारी मौत के कारणों की जांच कर रहे हैं।
छात्रों और प्रशासन के बीच बातचीत के दौरान स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने कैंपस में भारी सुरक्षा बल तैनात किया है। संस्थान ने बताया कि एनर्जी साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग के इस छात्र ने परीक्षा के दौरान प्रश्न पत्र को चैटजीपीटी पर अपलोड किया था।
अधिकारियों ने बताया कि छात्र के खिलाफ कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई नहीं की गई थी। इंस्ट्रक्टर और विभागाध्यक्ष ने छात्र से इस मामले पर बात भी की थी। उन्होंने उसे समझाया और भरोसा दिलाया कि इस घटना का उसके एकेडमिक करियर पर कोई बुरा असर नहीं पड़ेगा।
विभागाध्यक्ष से बातचीत के बाद छात्र अपने हॉस्टल के कमरे में चला गया और शाम को वह अपने कमरे में मृत पाया गया। बी.टेक स्टूडेंट के आत्महत्या करने के बाद कई छात्र विरोध प्रदर्शन के लिए इकट्ठा हुए और संस्थान के प्रशासन से जवाबदेही की मांग की।
एक छात्र ने कहा कि हमारे विरोध का कारण यह है कि आज हमारे कॉलेज में एक छात्र ने आत्महत्या कर ली। इसीलिए हम विरोध करने के लिए इकट्ठा हुए हैं ताकि प्रशासन से जवाबदेही पारदर्शिता और सवालों के जवाब मांग सकें।
ये भी देखे: थाईलैंड स्कूल में छात्र ने की गोलीबारी, छह की मौत, फिर खुद की आत्महत्या