गुना, 19 सितंबर 2026: केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया इन दिनों अपने संसदीय क्षेत्र गुना के प्रवास पर हैं। वे बरखेड़ा गिर्द में शुक्रवार 18 सितंबर को आयोजित मुख्यमंत्री जनविश्वास शिविर में पहुंचे जहां उन्होंने नमो ड्रोन दीदी किरण के साथ ड्रोन उड़ाया। इस दौरान उनका एक दिलचस्प वीडियो सामने आया है जो अब सोशल मीडिया पर सुर्खियां बटोर रहा है।
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कार्यक्रम के बाद लोगों की समस्याएं भी सुनीं। इस बीच वे कार में बैठकर लोगों से उनकी समस्याएं सुन रहे थे। कुछ युवकों ने उनका काफिला रोककर सड़क की समस्या बताई। एक युवक ने सड़क समय पर नहीं बनने पर वोट न देने की बात कही। इस पर सिंधिया गुस्सा हो गए और बोले कि ये भाषा मेरे साथ प्रयोग मत करना।
एक युवक अपनी शिकायत लेकर उनके पास पहुंचा। युवक ने ज्योतिरादित्य सिंधिया से कहा कि मेरा ये निवेदन है कि इस बार समय से पहले ये रोड डल जाए। अगर रोड नहीं बनेगी तो हम में से कोई भी वोट नहीं डालेगा। इसके बाद केंद्रीय मंत्री गुस्से से लाल हो गए और तुरंत कहा कि ये भाषा मेरे साथ कभी उपयोग नहीं करना। मैं किसी की भी बात कर रहा हूं। उन्होंने आगे कहा कि आप आकर निवेदन करो फिर मेरी जिम्मेदारी है काम करना।
केंद्रीय मंत्री का गुस्से वाला यह लहजा अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो के सामने आने के बाद लोगों द्वारा अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दी जा रही हैं। इस वीडियो को लेकर ज्यादातर उन्हें आलोचना का सामना करना पड़ रहा है।
ये भी देखे: प्रधानमंत्री मोदी करेंगे असम के दो दिवसीय दौरे की शुरुआत, ‘एडवांटेज असम 2.0’ सम्मेलन का उद्घाटन