दिल्ली, 17 सितंबर 2026: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के अध्यक्ष मिथुन मन्हास और कप्तान श्रेयस अय्यर की अगुआई में भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के सदस्यों ने बुधवार को भारत में जापान के राजदूत ओनो केइची से मुलाकात की।
यह खास मुलाकात सुजुकी कप से पहले हुई जिसमें भारत और जापान की पुरुष टीमें पहली बार 22 सितंबर को तोचिगी प्रांत के सानो इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड में टी-20 मैच में आमने-सामने होंगी। इस मुलाकात में दोनों देशों के बीच बढ़ते खेल संबंधों पर जोर दिया गया।
राजदूत ओनो ने मन्हास और भारतीय टीम को दारुमा भेंट किया जो जापान में सौभाग्य का प्रतीक माना जाता है। मुलाकात की तस्वीरें शेयर करते हुए मन्हास ने कहा कि यह मौका बहुत अहम है क्योंकि क्रिकेट जापान में नए दर्शकों तक पहुंचने की तैयारी कर रहा है।
मन्हास ने इंटरनेट मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि आज दिल्ली में भारतीय टीम के साथ भारत में जापान के राजदूत ओनो केइची से मिलकर खुशी हुई। यह एक खास पल है क्योंकि क्रिकेट जापान में नए दर्शकों तक पहुंच रहा है। यह जय शाह की उस दूरदर्शिता को भी दर्शाता है जिसमें हमारे खेल को नई जगहों तक ले जाने और इसे सच में ग्लोबल बनाने की बात कही गई है। हमें इस विजन को आगे बढ़ाने और दुनिया के नए हिस्सों में क्रिकेट की मौजूदगी को मजबूत करने पर गर्व है। इस ऐतिहासिक मैच और एशियन गेम्स के लिए उत्साह बढ़ रहा है।
ये भी देखे: ऑस्ट्रेलिया ने पहले वनडे में जिम्बाब्वे को 59 रन से हराया, रेनशॉ ने लगाया पहला वनडे शतक