राजौरी, 15 सितंबर 2026: जम्मू-कश्मीर पुलिस ने राजौरी से आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े होने के आरोप में एक ओवर ग्राउंड वर्कर नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है और तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मिली जानकारी के अनुसार जिन तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है वो आतंकवादियों के मददगार थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जाकिर हुसैन पिता गुलाम हुसैन निवासी कोटचरवाल टेरियाथ राजौरी मोहम्मद आजम पिता अली बहादुर निवासी कोटचरवाल टेरियाथ राजौरी और मोहम्मद मुश्ताक पिता मोहम्मद इकबाल निवासी उधान राजौरी के रूप में हुई है। तीनों राजौरी के ही निवासी हैं।
पुलिस द्वारा पीर पंजाल इलाके में सक्रिय एक टेरर मॉड्यूल की जांच के दौरान ये गिरफ्तारियां की गईं। शुरुआती जांच से पता चला है कि आरोपी कथित तौर पर आतंकवादियों को लॉजिस्टिकल सपोर्ट सुरक्षित आवाजाही और जमीनी स्तर पर अन्य मदद मुहैया कराने में शामिल थे।
जांच में यह भी पता चला है कि आरोपी कथित तौर पर गाइड का काम करते थे और आतंकवादी समूहों को कश्मीर घाटी की ओर जाने में मदद करते थे। उन पर नागरिकों पर हुए हमले समेत कई बड़े हमलों में शामिल आतंकवादियों को जमीनी मदद देने का भी शक है।
जांच के दौरान एक आरोपी की जानकारी पर भारी मात्रा में आईईडी बरामद किया गया। शुरुआती जांच से पता चलता है कि यह डिवाइस कथित तौर पर एक आतंकवादी समूह के सदस्यों ने आरोपी को सुरक्षित रखने और किसी टारगेटेड हमले में इस्तेमाल करने के लिए दिया था।
ये भी देखे: लश्कर-ए-तैयबा ने लाल किले और चांदनी चौक के मंदिरों को निशाना बनाने की साजिश रची, हाई अलर्ट जारी