मथुरा में सीएम योगी ने श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर में की पूजा, कहा- आस्था मिटाने वाले मिट्‌टी में मिल गए

by Manu
cm yogi Mathura

मथुरा, 04 सितंबर 2026: उत्तर प्रदेश के मथुरा में आज श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की धूम है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर में पूजा-अर्चना की। उन्होंने ब्रजवासियों और श्रद्धालुओं पर फूल बरसाए। जन्मस्थान पर संबोधन में सीएम ने कहा कि भारत पर कई आक्रमण हुए लेकिन सनातन की आस्था को कोई मिटा नहीं पाया। जिन्होंने भी दुस्साहस किया वे मिट्टी में मिल गए। आज उनका नाम लेने वाला भी कोई नहीं है।

योगी ने सपा और कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि सरकार की आस्था श्रीकृष्ण श्रीराम बाबा विश्वनाथ और मां विंध्यवासिनी में है। जिनकी आस्था बाबर और औरंगजेब में हो क्या वे आपकी आस्था का सम्मान कर पाएंगे। ये बाबर और औरंगजेब के अनुयायी समाज में जहर घोलने का काम कर रहे हैं क्योंकि कुछ लोग आदत से मजबूर होते हैं। वे बहन-बेटियों की सुरक्षा में सेंध लगा सकते हैं। हमारी सरकार उनके मंसूबे कभी पूरा नहीं होने देगी।

सीएम ने कहा कि भगवान राम का भव्य मंदिर जिन्हें अच्छा नहीं लगता वे अयोध्या को बदनाम कर रहे हैं। हमारा प्रयास है कि मथुरा-वृंदावन में भी अयोध्या और काशी जैसा भव्य परिसर तैयार हो। हम ब्रजभूमि को आपकी भावनाओं के अनुरूप संवारेंगे। इसमें कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।

बांके बिहारी मंदिर में भक्तों की लंबी कतार लगी है। तड़के हुई मंगला आरती में 10 हजार भक्त शामिल हुए। महिलाओं ने ढोल मंजीरा और शंख की धुन पर नृत्य किया। प्रशासन के अनुसार जन्मोत्सव पर देश-विदेश से 10 लाख श्रद्धालु पहुंचे हैं। काशी और नोएडा के इस्कॉन मंदिरों में भी भक्तों की भीड़ उमड़ी है।

ये भी देखें: गोरखपुर में सीएम योगी ने युवाओं से कहा- नौकरी नहीं, इनोवेटर और एंटरप्रेन्योर बनें

You may also like