लखनऊ, 27 अगस्त 2026: सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब तेजी से बदल रहा है। कभी खराब कानून-व्यवस्था, दंगे और गड्ढों वाली सड़कों के लिए पहचाने जाने वाला यूपी आज देश के बड़े स्टार्टअप हब के तौर पर आगे बढ़ रहा है। अब प्रदेश का युवा नौकरी मांगने वाला नहीं बल्कि नौकरी देने वाला बन रहा है।
सीएम योगी गुरुवार को यूपी स्टार्टअप मिशन के कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले यूपी में गिने-चुने स्टार्टअप थे। आज प्रदेश में 24 हजार से ज्यादा रजिस्टर्ड स्टार्टअप काम कर रहे हैं।
सीएम योगी ने 2017 से पहले की कानून-व्यवस्था पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उस समय यूपी की पहचान खराब सड़कों, बिजली की समस्या और दंगों से होती थी।
उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा था जब त्योहार आते ही लोगों को दंगे और उपद्रव का डर रहता था। स्कूल-कॉलेज और बाजार लंबे समय तक कर्फ्यू के कारण बंद रहते थे। ऐसे माहौल में रोजगार, रिसर्च और इनोवेशन की बात करना मुश्किल था। योगी ने कहा कि कानून-व्यवस्था बेहतर होने के बाद ही निवेश, रोजगार और स्टार्टअप का माहौल बन सकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यूपी की करीब 25 करोड़ आबादी को अक्सर चुनौती के तौर पर देखा जाता है लेकिन सरकार इसे प्रदेश की सबसे बड़ी ताकत मानती है।
उन्होंने कहा कि यूपी के पास देश की सबसे बड़ी युवा आबादी है। खास बात यह है कि प्रदेश के 24 हजार से ज्यादा स्टार्टअप्स में से करीब आधे स्टार्टअप महिलाएं चला रही हैं।
ये भी देखे: यूपी में विभागों के डाटा एकीकरण की शुरुआत, कार्यशाला में 100 से ज्यादा अधिकारी शामिल