चंडीगढ़, 27 अगस्त 2026: पंजाब में आज 7 लाख से अधिक सरकारी मुलाजिम और पेंशनर डीए समेत 8 मांगों को लेकर महाहड़ताल पर हैं। हड़ताल के चलते सरकारी दफ्तर, अस्पतालों और डिस्पेंसरियों में ओपीडी सेवाएं बंद हैं। कर्मचारियों ने अपने-अपने विभागों के प्रमुखों से सामूहिक छुट्टी ली है और पूरे दिन हड़ताल पर रहने का ऐलान किया है।
महाहड़ताल के बीच सीएम भगवंत मान के साथ कर्मचारी संगठनों की आज दोपहर 1 बजे जालंधर में बैठक होगी। इससे पहले सीएम ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा-
मुलाजिम हमारे परिवार का अहम हिस्सा हैं और हम उनकी हर जायज बात सुनने के लिए तैयार हैं लेकिन बातचीत और हड़ताल एक साथ नहीं चल सकती। सरकार हर मुद्दे का समाधान निकालने के लिए वचनबद्ध है लेकिन बातचीत तभी होगी जब हड़ताल खत्म हो जाएगी।
इधर मोहाली सिविल अस्पताल में दवाई लेने पहुंचे एक व्यक्ति ने बताया कि गार्ड ने उसे यह कहकर बाहर कर दिया कि आज हड़ताल है अब कल आना। वहीं पठानकोट में नगर निगम दफ्तर, सिविल अस्पताल में ताले लटके मिले।
अफसरों की कार चलाने वाले ड्राइवर भी हड़ताल में शामिल हैं। इसके चलते अधिकारियों को दफ्तर पहुंचने में परेशानी हुई। लुधियाना के डीसी भी सुबह साढ़े 9 बजे तक अपने कार्यालय नहीं पहुंचे थे। जालंधर में शाहकोट से 86 साल की रिटायर्ड टीचर रणधीर कौर धरना देने पहुंची है।
सांझा मुलाजिम मंच पंजाब ने पहले सरकारी बसों के ड्राइवर-कंडक्टरों के हड़ताल में शामिल होने की घोषणा की थी। बुधवार को वित्त मंत्री के साथ बैठक के बाद उन्होंने रक्षाबंधन का हवाला देते हुए हड़ताल में शामिल नहीं होने का फैसला किया। इसलिए पंजाब रोडवेज, पनबस और पीआरटीसी की बसें चल रही हैं। वहीं कई जगह सरकारी स्कूल भी खुले हुए हैं।
ये भी देखें: पीएसपीसीएल यूनियनों और आम आदमी क्लीनिकों के कर्मचारियों ने हड़ताल वापस ली, कामकाज फिर शुरू – हरपाल सिंह चीमा