जालंधर, 22 अगस्त 2026: जालंधर और पठानकोट में शनिवार सुबह हल्की बारिश हुई। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के मुताबिक आज पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर और रूपनगर में भारी बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है। वहीं पंजाब के कई अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। चंडीगढ़ में भी आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा।
इस दौरान एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। शहर के अधिकतम तापमान में 0.6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है जिसके बाद यह सामान्य के करीब पहुंच गया है। शुक्रवार को पंजाब में सबसे अधिक 35.8 डिग्री सेल्सियस तापमान श्री आनंदपुर साहिब में दर्ज किया गया।
मॉनसून ट्रफ इस समय अमृतसर से होकर गुजर रही है। इससे पंजाब में बारिश के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं। वहीं उत्तरी हरियाणा के ऊपर बना ऊपरी वायु चक्रवाती परिसंचरण भी पंजाब और चंडीगढ़ के मौसम को प्रभावित कर रहा है। इसके प्रभाव से आज पंजाब में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है।
ये भी देखे: पंजाब में बारिश का तांडव: घर-खेत डूबे, कई पुल ढहे, 26-27 अगस्त को फिर भारी बारिश का अलर्ट