FBI ने पंजाब के गैंगस्टर मेजर सिंह को वांटेड घोषित किया, इस गैंग से है कनेक्शन

by Manu
गैंगस्टर मेजर सिंह

चंडीगढ़, 18 अगस्त 2026: अमेरिका की जांच एजेंसी एफबीआई ने पंजाब के गैंगस्टर मेजर सिंह को वांटेड घोषित किया है। एफबीआई के मुताबिक वह अंतरराष्ट्रीय गैंग के नेटवर्क से जुड़ा है और जग्गू भगवानपुरिया गैंग का सदस्य है। जग्गू भगवानपुरिया का गैंग अमेरिका के लॉस एंजिल्स समेत दूसरे इलाकों में एक्टिव है।

मेजर सिंह पर RICO (Racketeer Influenced and Corrupt Organizations) एक्ट के तहत साजिश में शामिल होने का आरोप है। उस पर बिना लाइसेंस हथियारों की खरीद-फरोख्त के कारोबार में शामिल होने की साजिश का भी आरोप है। इसके अलावा नशीले पदार्थों की सप्लाई और उन्हें बेचने की साजिश के आरोप भी लगाए गए हैं।

एफबीआई के मुताबिक मेजर सिंह के खिलाफ अमेरिका के सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट ऑफ कैलिफोर्निया की संघीय अदालत में केस दर्ज है। 25 जून 2026 को उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था। उसके ऊपर RICO साजिश और बिना लाइसेंस हथियारों के कारोबार की साजिश के आरोप हैं। फिलहाल एफबीआई मेजर सिंह की तलाश में जुटी है और लोगों से उसके बारे में जानकारी देने की अपील कर रही है।

एफबीआई के मुताबिक मेजर सिंह का संबंध पंजाब में एक्टिव रहे जग्गू भगवानपुरिया के संगठित आपराधिक नेटवर्क से है जिसकी गतिविधियां बाद में अमेरिका तक फैल गईं। एफबीआई के मुताबिक अपराधियों का यह नेटवर्क अवैध हथियारों के कारोबार, ड्रग्स तस्करी और संगठित अपराधों से जुड़ा है।

ये भी देखे: FBI की Most Wanted List में शामिल हुआ जग्गू भगवानपुरिया गैंग का नीतीश कौशल

You may also like