गोरखपुर, 11 अगस्त 2026: सीएम योगी आदित्यनाथ मंगलवार को गोरखपुर दौरे पर पहुंचे। यहां उन्होंने 70 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 2-लेन मार्ग का लोकार्पण किया। साथ ही जनता को संबोधित भी किया।
ग्रीन सिटी रोड के उद्घाटन कार्यक्रम में सीएम योगी ने सांसद रवि किशन की चुटकी ली। उन्होंने कहा, “आज सांसद रवि किशन ने पता नहीं क्यों भाषण नहीं दिया। लगता है ज्यादा दावत खिला दिया आप सभी को।”
सीएम ने वहां मौजूद लोगों से पूछा कि कितने लोग रवि किशन के भोज में गए थे। कितने लोगों ने उनकी फिल्म देखी है? कितने लोगों ने ‘कालीबाड़ी के बाबा’ की फिल्म को देखा है? इस पर लोगों ने जवाब भी दिया। जवाब सुनने के बाद सीएम योगी ने कहा कि चलिए दोनों में बराबरी ही है।
1.80 किमी की लंबाई में इस सड़क के निर्माण पर 69.58 करोड़ रुपये की लागत आई है। राष्ट्रीय राजमार्ग-24 (सोनौली नौतनवां गोरखपुर) से निकलकर यह सड़क ग्रीन सिटी, पटनिया होते हुए माधोपुर बंधा तक जाती है। इसका चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण लोक निर्माण विभाग, निर्माण खंड-दो ने कराया है।
सड़क चौड़ी हो जाने से ग्रीन सिटी और इससे जुड़ी कॉलोनियों के लोगों को आवागमन में बड़ी सहूलियत मिल गई है। जलनिकासी की समुचित व्यवस्था के लिए सड़क के दोनों तरफ ड्रेन का निर्माण भी कराया गया है।
ये भी देखे: राष्ट्रीय हथकरघा दिवस पर सीएम योगी का सपा पर तंज, कहा- बबुआ विकास कैसे सोचते