चंडीगढ़ नगर निगम में 227 करोड़ के टेबल एजेंडे पर विवाद, AAP ने किया प्रदर्शन

by Manu
aap chd protest

चंडीगढ़, 06 अगस्त 2026: चंडीगढ़ नगर निगम की 363वीं जनरल हाउस बैठक में 227 करोड़ रुपये के टेबल एजेंडे को मंजूरी दिए जाने का विवाद गहराता जा रहा है। कांग्रेस के बाद अब आम आदमी पार्टी (आप) ने भी इस मुद्दे पर भाजपा और नगर निगम प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

पार्टी ने गुरुवार को राजभवन की ओर मार्च निकाला। प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग पार कर आगे बढ़ने की कोशिश की। इसके बाद पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए पानी की बौछारें चलाईं। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई।

आप का आरोप है कि नगर निगम की जनरल हाउस बैठक में कजौली से चंडीगढ़ तक वाटर सप्लाई पाइपलाइन बदलने से जुड़े 227 करोड़ रुपये के प्रस्ताव को अंतिम समय में टेबल एजेंडे के रूप में पेश कर बिना पर्याप्त चर्चा के मंजूरी दे दी गई। पार्षदों को प्रस्ताव का अध्ययन करने के लिए पर्याप्त समय नहीं दिया गया। न ही सदन में इस पर चर्चा हुई।

आप नेताओं का आरोप है कि जनता के टैक्स से जुड़ी इतनी बड़ी परियोजना को दो पन्नों के टेबल एजेंडे के माध्यम से जल्दबाजी में पारित करना पारदर्शिता पर सवाल खड़े करता है। उनका कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

मार्च के बाद पार्टी का प्रतिनिधिमंडल पंजाब के राज्यपाल एवं यूटी प्रशासक को ज्ञापन सौंपेगा।

ये भी देखे: चंडीगढ़ नगर निगम हाउस में मीटिंग के बीच बवाल, मेयर सौरभ जोशी धरने पर बैठे

You may also like