चंडीगढ़, 04 अगस्त 2026: वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट में पाकिस्तान ने वापसी की है। अब्दुल्ला शफीक के नाबाद शतक और बाबर आजम की नाबाद अर्धशतकीय पारी के दम पर टीम ने दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक 2 विकेट पर 266 रन बना लिए।
पाकिस्तान अब पहली पारी के आधार पर वेस्टइंडीज से सिर्फ 78 रन पीछे है। तीसरे विकेट के लिए शफीक और बाबर के बीच 168 रन की नाबाद साझेदारी हो चुकी है।
अब्दुल्ला शफीक ने टेस्ट करियर का छठा शतक लगाया। यह उनका 2024 के बाद पहला टेस्ट शतक है। वह लंबे समय तक 99 रन पर अटके रहे।
इसके बाद जोमेल वॉरीकन की शॉर्ट गेंद पर मिडविकेट की दिशा में चौका लगाकर उन्होंने अपना शतक पूरा किया। इससे पहले उन्होंने केमार रोच पर चौका लगाकर अपना अर्धशतक पूरा किया था।
बाबर आजम 86 रन बनाकर नाबाद हैं। वह अपने शतक से सिर्फ 14 रन दूर हैं। अगर वह तीसरे दिन शतक पूरा करते हैं तो यह चार साल बाद उनका पहला टेस्ट शतक होगा।
उन्होंने शुरुआत में जेडन सील्स के एक ओवर में तीन चौके लगाए और फिर संयम के साथ बल्लेबाजी करते हुए शफीक के साथ बड़ी साझेदारी निभाई।
पाकिस्तान को युवा बल्लेबाज अजान ओवैस ने आक्रामक शुरुआत दिलाई। उन्होंने दूसरे ही ओवर में केमार रोच पर लगातार तीन चौके लगाए, जिसके बाद वेस्टइंडीज को जल्दी स्पिन गेंदबाज लाना पड़ा।
हालांकि इमाम-उल-हक 150 किमी प्रति घंटा की रफ्तार वाली शमार जोसेफ की गेंद पर स्लिप में कैच दे बैठे। ओवैस ने अर्धशतक पूरा किया। वह बाद में जोमेल वॉरीकन की गेंद पर एलबीडब्ल्यू आउट हो गए।
ये भी देखे: श्रीलंका दौरे के लिए टीम इंडिया में बदलाव, जसप्रीत बुमराह की जगह आकिब नबी को मौका