चंडीगढ़, 04 अगस्त 2026: कैबिनेट मंत्री लालचंद कटारुचक ने कनाडा में भारतीय छात्रों, खासकर पंजाबी छात्रों के पोस्ट-ग्रेजुएशन वर्क परमिट संकट पर केंद्र सरकार से तुरंत दखल देने की मांग की है। उन्होंने विदेश मंत्रालय से अपील की है कि वे प्रभावित भारतीय छात्रों को डिपोर्ट (देश से निकाले जाने) होने से बचाने के लिए कनाडा सरकार के साथ कूटनीतिक बातचीत करें।
मंत्री ने कहा कि 2024 में ब्रैम्पटन के पोटाश कॉलेज में दाखिला लेने वाले छात्रों ने अपना 2 साल का पोस्ट-ग्रेजुएशन पूरा कर लिया है। हालांकि, कनाडा में सरकार बदलने के बाद वहां के प्रशासन ने मनमाने ढंग से नियम बदल दिए और छात्रों के वर्क परमिट रोक दिए। यह सीधे तौर पर धोखाधड़ी है।
उन्होंने कहा कि भारी फीस भरने और सभी कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करने के बाद भी, आज हमारे होनहार बच्चे – जिनमें बड़ी संख्या में बेटियां भी शामिल हैं – भारी बारिश के बीच सड़कों पर टेंट लगाकर विरोध-प्रदर्शन करने को मजबूर हैं।
मंत्री ने इस मामले में केंद्रीय विदेश मंत्रालय पर लापरवाही बरतने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि जब देश के बच्चे विदेशों में सड़कों पर रो रहे हों, तो भारत सरकार हाथ पर हाथ धरे नहीं बैठ सकती। यह सिर्फ कुछ छात्रों का मुद्दा नहीं है, बल्कि देश के सम्मान और हमारे युवाओं के भविष्य का सवाल है। केंद्र सरकार को इस बेहद संवेदनशील मुद्दे पर कनाडा सरकार के सामने तुरंत कड़ा कूटनीतिक विरोध दर्ज कराना चाहिए और वर्क परमिट बहाल करवाना चाहिए।
ये भी देखे: पंजाब में मिड-डे मील को लेकर सख्ती, शिक्षा विभाग ने सभी स्कूलों को दिए नए निर्देश