फरीदकोट, 02 अगस्त 2026: भारत सरकार के ‘विकसित भारत संकल्प’ अभियान के तहत रविवार को फरीदकोट के कोटकपूरा में ‘नशा मुक्त युवा’ वर्चुअल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से युवाओं को संबोधित किया। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कोटकपूरा क्षेत्र के भाजपा नेता राहुल सिंह सिद्धू ने की। इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश महासचिव अनिल सरीन, जिला अध्यक्ष गौरव कक्कड़ सहित पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय युवा उपस्थित रहे।
वर्चुअल माध्यम से युवाओं से जुड़ते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आह्वान किया कि युवा नशे जैसी सामाजिक बुराई से पूरी तरह दूर रहें। वे स्वस्थ और अनुशासित जीवनशैली अपनाएं। विकसित भारत के निर्माण में अपनी ऊर्जा का सही इस्तेमाल करते हुए सक्रिय भागीदारी निभाएं। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और उन्हें राष्ट्र निर्माण में सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करना था।
मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आज नशा विकराल रूप ले चुका है। नशा केवल किसी एक व्यक्ति की समस्या नहीं बल्कि पूरे समाज के लिए बड़ी चुनौती बन चुका है। इसे जड़ से खत्म करने के लिए सरकार, सामाजिक संस्थाओं, परिवारों और खुद युवाओं को मिलकर एकजुट प्रयास करने होंगे।
उन्होंने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी ताकत हैं। यदि वे नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल और रोजगार की दिशा में आगे बढ़ेंगे तो भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का सपना जल्द साकार होगा।
ये भी देखे: सांझा सुनेहा सम्मेलन ने पंजाब की नशा विरोधी मुहिम ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ को और मजबूत किया