चंडीगढ़, 20 जुलाई 2026: आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पंजाब के मुकेरियां में आयोजित ‘एक शाम भगवान शिव दे नाल’ भजन संध्या कार्यक्रम में मौजूद महिलाओं को एक बड़ी खुशखबरी दी। उन्होंने कहा कि 1 अगस्त को भगवंत मान सरकार 50 लाख नई रजिस्टर्ड महिलाओं के खातों में सम्मान राशि जमा करेगी। जिन महिलाओं को अभी तक पैसे नहीं मिले हैं, उन्हें चिंता करने की ज़रूरत नहीं है। सभी को जुलाई से सितंबर तक, यानी तीन महीने के पैसे मिलेंगे।
उन्होंने कहा कि भगवंत मान सौ प्रतिशत ईमानदार मुख्यमंत्री हैं। इसीलिए लोगों को मुफ्त बिजली, 1000 रुपये की सम्मान राशि और अन्य सुविधाएं दी जा रही हैं। जो भगवंत मान लोगों के लिए दिन-रात काम कर रहे हैं, उन्हें दोबारा पंजाब का मुख्यमंत्री बनाना ज़रूरी है।
भजन संध्या में जुटी भारी भीड़ को संबोधित करते हुए अरविंद केजरीवाल ने महिलाओं को खुशखबरी दी और कहा कि 1 जुलाई को जब मुख्यमंत्री भगवंत मान ने यह योजना शुरू की थी, तब 32 लाख महिलाओं के खातों में पैसे गए थे। 1 अगस्त को 50 लाख से ज़्यादा महिलाओं के खातों में पैसे जाने वाले हैं। जिन महिलाओं ने रजिस्ट्रेशन तो कराया है लेकिन अभी तक पैसे नहीं मिले हैं, उन्हें चिंता करने की ज़रूरत नहीं है। उन्हें जुलाई, अगस्त और सितंबर – इन तीन महीनों के पैसे मिलेंगे। महिलाओं के खातों में एक हज़ार रुपये भेजे जा रहे हैं और दलित समुदाय की महिलाओं के खातों में हर महीने 1500 रुपये भेजे जा रहे हैं।
अरविंद केजरीवाल ने आगे कहा कि आज लोगों का बिजली बिल ज़ीरो आ रहा है और यह सब इसलिए हो रहा है क्योंकि पंजाब के मुख्यमंत्री ईमानदार हैं। इससे पहले जितनी भी सरकारें आईं, उनके समय में हमेशा भ्रष्टाचार के आरोप लगते रहे। लेकिन पहली बार पंजाब को ऐसा मुख्यमंत्री मिला है, जिन पर, उनके परिवार पर या उनके किसी मंत्री पर भ्रष्टाचार का एक भी आरोप नहीं लगा है। पांचवां साल चल रहा है और एक ईमानदार मुख्यमंत्री बिना किसी आरोप के आपके लिए काम कर रहे हैं।
अरविंद केजरीवाल ने तीर्थयात्रा योजना के बारे में भी खुशखबरी दी और कहा कि अभी इसके तहत दो रूटों – दरबार साहिब और आनंदपुर साहिब – पर बसें चलती हैं, जिसमें सरकार यात्रा, एसी बस, एसी होटल और खाने का सारा खर्च उठाती है। 1 अगस्त से इसमें तीन नए रूट जोड़े जा रहे हैं। अब सालासर-खाटू श्याम जी, मथुरा-वृंदावन और हरिद्वार-ऋषिकेश के लिए भी मुफ़्त बसें चलेंगी। हम डेढ़ लाख श्रद्धालुओं को इन जगहों की मुफ़्त तीर्थयात्रा कराएंगे।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अमृतसर में भगवान वाल्मीकि जी का एक ऐतिहासिक मंदिर है, जहाँ भगवान वाल्मीकि जी ने रामायण लिखी थी, माता सीता वहीं रही थीं और लव-कुश का जन्म और शिक्षा-दीक्षा भी वहीं हुई थी। इसलिए, सरकार ने फ़ैसला किया है कि भगवान वाल्मीकि मंदिर के साथ-साथ लव-कुश और माता सीता का भी एक बहुत भव्य मंदिर बनाया जाएगा। इसके अलावा, मुख्यमंत्री भगवंत मान पटियाला में काली माता मंदिर को 80 करोड़ रुपये खर्च करके बहुत भव्य बना रहे हैं, जो 1 अक्टूबर तक बनकर तैयार हो जाएगा।
ये भी देखे: मांवां-धियां सत्कार योजना के तहत बड़ी संख्या में महिलाओं को 3,000 रुपये मिले – अरविंद केजरीवाल