नोएडा, 29 जून 2026: नोएडा के सेक्टर-119 स्थित अरण्य सोसाइटी की 24 मंजिला इमारत में सोमवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे भीषण आग लग गई। 21वें फ्लोर के एक फ्लैट में एसी ब्लास्ट के बाद आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग की लपटें खिड़कियों से बाहर निकलने लगीं और पूरा फ्लोर धुएं से भर गया। आसपास के फ्लैटों में रहने वाले लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
लोग चिल्ला-चिल्लाकर फ्लोर खाली करने की गुहार लगाने लगे। बिल्डिंग के पास रहने वाले लोगों ने पाइप के जरिए आग बुझाने की कोशिश भी की। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फायरकर्मियों ने तुरंत मोर्चा संभाला। आग को आसपास के फ्लैटों में फैलने से पहले ही काबू में कर लिया गया।
सीएफओ प्रदीप कुमार ने बताया कि बहादुर फायरकर्मियों ने करीब आधे घंटे में आग पर काबू पा लिया। बिल्डिंग को एहतियात के तौर पर खाली करा लिया गया था। इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।
ये भी देखे: नोएडा के 28 मंजिला हाईराइज सोसाइटी में लगी आग, फ्लैट छोड़कर भागे लोग