नई दिल्ली, 30 मई 2026: चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान ने चार दशकों से ज्यादा लंबी सैन्य सेवा के बाद शुक्रवार को औपचारिक रूप से विदाई ले ली। उन्होंने अपने पूरे कार्यकाल को बेहद संतोषजनक और शानदार बताया।
इससे पहले दिन में नई दिल्ली के साउथ ब्लॉक स्थित लॉन पर उन्हें तीनों सेवाओं की ओर से औपचारिक ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिया गया। यह उनके देश के सबसे वरिष्ठ सैन्य अधिकारी के रूप में कार्यकाल समाप्त होने का प्रतीक था।
गार्ड ऑफ ऑनर के बाद जनरल चौहान नेशनल वॉर मेमोरियल पहुंचे और देश की सेवा में शहीद हुए सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
समारोह के बाद मीडिया से बातचीत में निवर्तमान CDS ने उन्हें दिए गए सम्मान के लिए तीनों सेनाओं और IDS मुख्यालय का आभार व्यक्त किया। उन्होंने अपनी लंबी सैन्य यात्रा को याद करते हुए कहा, “तीनों सेनाओं की ओर से गार्ड ऑफ ऑनर के साथ रिटायर होना मेरे लिए बहुत गर्व की बात है।”
जनरल अनिल चौहान ने कहा, “गार्ड ऑफ ऑनर के समापन के साथ मैं वर्दी में अपने सभी साथियों और हमसफरों को हमेशा के लिए विदाई देता हूं।”
ये भी देखे: पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक