भिवानी, 29 मई 2026: हरियाणा के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मंत्री राजेश नागर ने भिवानी के स्थानीय पंचायत भवन में ग्रीवेंस कमेटी की बैठक ली। बैठक के दौरान उन्होंने सिविल अस्पताल के आयुष्मान मामलों से जुड़े अधिकारी विनोद को सस्पेंड करने के निर्देश दे दिए।
यह कार्रवाई आयुष्मान कार्ड होने के बावजूद निजी अस्पताल द्वारा फीस वसूलने के मामले में उचित कार्रवाई न करने पर की गई है।
शिकायतकर्ता भिवानी की नया बाजार निवासी रंजना शर्मा ने बताया कि उन्हें पेट दर्द की शिकायत थी। अल्ट्रासाउंड करवाने के बाद वे आयुष्मान अस्पताल गईं। वहां बेबी ट्यूब फट जाने से पेट में खून फैल गया। डॉक्टर ने तुरंत ऑपरेशन की सलाह दी।
रंजना शर्मा ने कहा कि अस्पताल में पूछने पर डॉक्टरों ने बताया कि आयुष्मान कार्ड से पूरा इलाज मुफ्त होगा। लेकिन ऑपरेशन से पहले ही 5 हजार रुपये जमा करवा लिए गए। ऑपरेशन के बाद तीन दिन भर्ती रखने के बाद डिस्चार्ज करते समय 18 हजार रुपये और मांगे गए।
मंत्री राजेश नागर ने शिकायत की गंभीरता को देखते हुए तत्काल अधिकारी विनोद को सस्पेंड कर दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आयुष्मान योजना का लाभ लेने वाले गरीब मरीजों से पैसे वसूलने की किसी भी शिकायत को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
ये भी देखे: हरियाणा में घरेलू गैस सप्लाई की कोई किल्लत नहीं, नागरिक आश्वस्त रहें – राजेश नागर