सीएम योगी ने मंत्रियों को दिए सख्त निर्देश, ईंधन बचाओ अभियान में खुद बनें मिसाल

by Manu
UP Cabinet Meeting

लखनऊ, 14 मई 2026: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंत्रिमंडल विस्तार के बाद बुधवार को अपने आवास पर सभी मंत्रियों की पहली बैठक ली। सीएम योगी ने मंत्रियों से साफ कहा कि जनता के सामने उदाहरण पेश करें। सप्ताह में कम से कम एक दिन मेट्रो, बस, ई-रिक्शा, कारपूलिंग या साइकिल का इस्तेमाल करें। इमरजेंसी को छोड़कर विदेश यात्राएं पूरी तरह बंद करें।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि जिन सरकारी कार्यालयों में 50 से अधिक कर्मचारी हैं, वहां दो दिन वर्क फ्रॉम होम की सुविधा दी जाए। एयर कंडीशनर का तापमान 24 से 26 डिग्री के बीच रखा जाए और लिफ्ट का न्यूनतम उपयोग किया जाए।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों में ईंधन संरक्षण केवल आर्थिक जरूरत नहीं बल्कि राष्ट्रीय दायित्व भी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील को धरातल पर उतारने के लिए सबसे पहले मंत्रिमंडल को आदर्श बनना होगा।

उन्होंने कहा कि अगर मंत्रीगण सप्ताह में एक दिन सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करेंगे तो पूरे समाज में सकारात्मक संदेश जाएगा और आमजन भी इससे प्रेरणा लेंगे।

मुख्यमंत्री ने अंतरजनपदीय बैठकें, प्रशिक्षण कार्यक्रम और विधानसभा-विधान परिषद की स्टैंडिंग कमेटियों की बैठकें वर्चुअल मोड में आयोजित करने के निर्देश भी दिए।

ये भी देखे: दिल्ली सरकार ने हर हफ्ते दो दिन वर्क फ्रॉम होम का किया ऐलान, प्राइवेट दफ्तरों के लिए भी एडवाइजरी

You may also like