स्कूली शिक्षा में पंजाब ने केरल को पछाड़ा, नीति आयोग की रिपोर्ट में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाला राज्य – हरजोत सिंह बैंस

by Manu
हरजोत सिंह बैंस

चंडीगढ़, 11 मई 2026: NITI आयोग की शिक्षा गुणवत्ता रिपोर्ट 2026 में पंजाब ने स्कूली शिक्षा के प्रमुख बुनियादी मापदंडों में भारत के लंबे समय से अग्रणी रहे राज्य केरल को पीछे छोड़ दिया है।

पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने कहा, “यह सम्मान हर उस माता-पिता, छात्र और शिक्षक का है, जिन्होंने सरकारी स्कूलों को नहीं छोड़ा। यह कोई एक दिन में हासिल की गई उपलब्धि नहीं है, बल्कि बेहतर नीति, इरादे और कार्यान्वयन का मेल है, जिसके परिणामस्वरूप बेहतर नतीजे सामने आए हैं।”

NITI आयोग की रिपोर्ट का विवरण साझा करते हुए उन्होंने कहा, “पंजाब ने कक्षा 3 में भाषा में 82 प्रतिशत और गणित में 78 प्रतिशत अंक हासिल किए, जो केरल के क्रमशः 75 प्रतिशत और 70 प्रतिशत अंकों से अधिक हैं। कक्षा 9 के गणित में, पंजाब ने 52 प्रतिशत दक्षता दर्ज की, जो केरल के 45 प्रतिशत से अधिक है।”

पंजाब सरकार द्वारा किए गए सुधारों के सकारात्मक प्रभाव को रेखांकित करते हुए, शिक्षा मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री एस. भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार द्वारा कोविड महामारी के बाद ‘मिशन समर्थ’ और ‘स्कूल ऑफ़ एमिनेन्स’ कार्यक्रम के माध्यम से किए गए सुधारों के ठोस परिणाम सामने आए हैं।

NITI आयोग की रिपोर्ट के निष्कर्षों का हवाला देते हुए उन्होंने आगे कहा, “राज्य के 99.9 प्रतिशत सरकारी स्कूलों में अब बिजली उपलब्ध है, 99 प्रतिशत स्कूलों में चालू हालत में कंप्यूटर हैं, और 80 प्रतिशत से अधिक स्कूल स्मार्ट कक्षाओं से सुसज्जित हैं। इसके अलावा, कक्षा 10 के 90 प्रतिशत से अधिक छात्र अब कक्षा 11 में दाखिला ले रहे हैं। यह दर स्कूलों में पढ़ाई छोड़ने वाले छात्रों की संख्या में तेज़ी से आई कमी को दर्शाती है। छात्र-शिक्षक अनुपात अब 22:1 हो गया है।”

रिपोर्ट का हवाला देते हुए हरजोत सिंह बैंस ने कहा, “NITI आयोग की रिपोर्ट में विशेष रूप से शिक्षा के क्षेत्र में शहरी और ग्रामीण अंतर को पाटने, तथा ग्रामीण छात्रों और लड़कियों के लिए समान अवसर सुनिश्चित करने हेतु पंजाब की सराहना की गई है।

पंजाब द्वारा वैश्विक स्तर की सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों को अपनाने के परिणामस्वरूप, सरकारी स्कूलों के छात्रों के बीच प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता की दर में भारी वृद्धि हुई है।” “अब तक, सरकारी स्कूलों के 786 छात्रों ने JEE Mains परीक्षा पास की है और 1,284 छात्रों ने NEET परीक्षा पास की है।”

शिक्षकों के प्रशिक्षण और बुनियादी ढांचे के विस्तार के बारे में जानकारी देते हुए पंजाब के शिक्षा मंत्री ने कहा, “शिक्षा सुधारों के तहत राज्य सरकार द्वारा फिनलैंड और सिंगापुर में शुरू किए गए शिक्षकों के प्रशिक्षण कार्यक्रमों के ज़मीनी स्तर पर सार्थक परिणाम मिले हैं। पंजाब सरकार ने 13,000 शिक्षकों और कर्मचारियों की भर्ती की है और लगभग 3 लाख छात्रों के लिए ‘इंग्लिश एज’ कार्यक्रम शुरू किया है। इसके अलावा, 118 ‘स्कूल ऑफ़ एमिनेंस’ खोले जा रहे हैं।”

ये भी देखे: केंद्र सरकार की रिपोर्ट के अनुसार स्कूल शिक्षा में महाराष्ट्र और दिल्ली भी पंजाब से पीछे – CM भगवंत मान

You may also like