पीरपैंती, 02 मई 2026: बिहार सरकार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने आज निर्माणाधीन अदाणी पावर प्लांट, पीरपैंती परियोजना का दौरा किया। इस दौरे का मुख्य उद्देश्य परियोजना स्थल पर चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेना तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण कराने को लेकर समीक्षा करना था।
मुख्य सचिव ने परियोजना प्रबंधन टीम के साथ बैठक कर निर्माण कार्यों में तेजी लाने, समन्वय बढ़ाने तथा सभी आवश्यक सरकारी सहयोग उपलब्ध कराने पर चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों से परियोजना की वर्तमान स्थिति, आगामी कार्ययोजना तथा संभावित चुनौतियों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर भागलपुर के जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने कहा कि बिहार सरकार राज्य में बिजली की कमी को जल्द से जल्द समाप्त करने के लिए गंभीरतापूर्वक कार्य कर रही है। ऐसे में अदाणी पावर प्लांट, पीरपैंती का निर्माण कार्य समय पर पूरा होना अत्यंत आवश्यक है, ताकि राज्य को पर्याप्त विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।
उन्होंने कहा कि यह परियोजना बिहार की ऊर्जा आवश्यकताओं को पूरा करने के साथ-साथ क्षेत्र में रोजगार, औद्योगिक विकास तथा आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति प्रदान करेगी।
मुख्य सचिव का दौरा गार्ड ऑफ ऑनर के साथ प्रारंभ हुआ। दौरे के दौरान पंकज कुमार पाल, सचिव, सड़क निर्माण विभाग, राहुल कुमार, प्रबंध निदेशक, बीएसपीजीसीएल, कपिल अशोक शीर्षत, प्रबंध निदेशक, बीएसआरडीसीएल, डॉ. नवल किशोर चौधरी, जिलाधिकारी, भागलपुर, तथा प्रमोद कुमार यादव, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
मुख्य सचिव एवं अन्य अधिकारियों ने पावर प्लांट परिसर में सिंदूर के पौधे का पौधारोपण भी किया।
ये भी देखे: Bihar News: मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने SASCI योजना की समीक्षा की