राघव चड्ढा समेत 7 सांसदों के BJP में शामिल होने पर भगवंत मान ने कहा – इन्होंने पंजाबियों से की गद्दारी

by Manu
BHAGWANT MANN PC

चंडीगढ़, 24 अप्रैल 2026: आम आदमी पार्टी (AAP) के सात राज्यसभा सांसदों के BJP में शामिल होने पर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने चंडीगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस की है। भगवंत मान ने कहा, “मैं पहले भी कहता रहा हूं कि BJP की पंजाबियों से बनती नहीं है। जो चीज पंजाबी को खुश करती है, उसे BJP खराब करने की कोशिश करती है। जब हमारी सरकार बनी तो हमारा RDF का पैसा रोका गया।”

पंजाबियों के साथ की गद्दारी

मुख्यमंत्री ने कहा, “पार्टी बड़ी होती है, संगठन बड़ा होता है, व्यक्ति नहीं। ये छह-सात लोग जो गए हैं, उन्होंने पंजाबियों के साथ गद्दारी की है। यहां बैठे-बैठे इन्हें पद मिल गए, किसी से वोट मांगने की जरूरत नहीं पड़ी। अब ये अपनी राजनीतिक जान बचाने के लिए BJP में गए हैं। लेकिन वहां भी इनका कुछ नहीं होगा। इन्हें इस्तेमाल करके छोड़ दिया जाएगा।”

भगवंत मान ने उदाहरण देते हुए कहा, “पहले कैप्टन साहब की बात कोई नहीं सुनता। सिंधिया का हाल भी सबके सामने है।”

सीएम भगवंत मान ने कहा, “मैं ईडी वालों से कहता हूं कि भगवंत मान के घर पर छापा मारो। संजय सिंह के घर पर रेड की थी, क्या मिला? आओ दम है तो भगवंत मान को खरीदकर दिखाओ। वह करेंसी अभी बनी नहीं, जिससे मान को खरीदा जा सके।”

भगवंत मान ने कहा कि थोड़ा दुख जरूर हुआ है। उन्होंने याद दिलाया कि पार्टी बनाने के समय ये लोग अपने कामों में लगे थे। राघव चड्ढा को जल बोर्ड का चेयरमैन बनाया गया और बिना वोट मांगे राज्यसभा सदस्य बनाया गया।

फिर भी उन्होंने जोर देकर कहा, “हमारा संगठन एकजुट है। एक-दो लोगों के जाने से पार्टी को कोई फर्क नहीं पड़ता।”

ये भी देखे: AAP के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने राघव चड्ढा समेत 7 सांसदों पर लगाया गद्दारी का आरोप

You may also like