पटना, 20 अप्रैल 2026: बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने आज ‘डेस्टिनेशन डेवलपमेंट: वन स्टेट, वन ग्लोबल डेस्टिनेशन’ प्रस्ताव के तहत राज्य के प्रमुख पर्यटन केंद्रों के विकास कार्यों की समीक्षा की।
बैठक में विशेष रूप से गया/बोधगया, रोहतास/कैमूर और वैशाली को वैश्विक स्तर के पर्यटन स्थलों के रूप में विकसित करने के लिए तैयार किए गए ‘इवैल्यूएशन मैट्रिक्स’ (Evaluation Matrix) पर चर्चा की।
समीक्षा के दौरान पर्यटन विभाग द्वारा इन गंतव्यों के पारिस्थितिकी तंत्र का विश्लेषण प्रस्तुत किया गया।
इन बिंदुओं पर हुई चर्चा
आकर्षण की विविधता: गया/बोधगया और वैशाली को उनकी ऐतिहासिक और धार्मिक विशिष्टता के लिए उच्चतम स्कोर दिया गया है।
कनेक्टिविटी और बुनियादी ढांचा: इन स्थलों पर डिजिटल बुनियादी ढांचे, अंतिम छोर तक कनेक्टिविटी और नागरिक सुविधाओं को वैश्विक मानकों के अनुरूप बनाने पर कार्य किया जा रहा है।
निजी क्षेत्र की भागीदारी: परियोजना के तहत निजी क्षेत्र के निवेश और पीपीपी (PPP) मॉडल की संभावनाओं को तलाशा जा रहा है।
समीक्षा के उपरांत मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने पर्यटन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वैश्विक मानकीकरण: मुख्य सचिव ने निर्देश दिया कि इन स्थलों का विकास केवल स्थानीय नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर किया जाए। ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ और ‘वैष्णो देवी’ जैसे सफल मॉडलों के अध्ययन के आधार पर कार्य योजना को अंतिम रूप दें।
उन्होंने पर्यटन क्षेत्र के लिए ‘उद्योग के दर्जे’ (Industry Status) की अधिसूचना को शीघ्रता से लागू करने और इसके परिचालन को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया ताकि निवेश को बढ़ावा मिले।
केंद्र सरकार द्वारा वित्तपोषित पर्यटन परियोजनाओं के संबंध में सभी आवश्यक दस्तावेजों और तैयारियों को पूर्ण रखने का निर्देश दिया गया ताकि केंद्रीय योजनाओं का लाभ निर्बाध रूप से मिलता रहे।
गया, रोहतास और वैशाली में पर्यटन सेवाओं, गतिविधि प्रदाताओं और सूचना केंद्रों की संख्या और गुणवत्ता में तत्काल सुधार करने को कहा गया।
पर्यटन विभाग को निर्देश दिया गया कि वे प्रस्तावित मैट्रिक्स के आधार पर प्रगति की निरंतर निगरानी करें और विकास के कार्यों में तेजी लाएं।
इस बैठक में पर्यटन विभाग के सचिव, संबंधित जिलों के जिलाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपस्थित थे। मुख्य सचिव ने स्पष्ट किया कि बिहार को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर शीर्ष पर लाना सरकार की प्राथमिकता है।
ये भी देखे: पर्यटन विभाग के पवेलियन पहुंच कर 900 से अधिक आगंतुकों ने पर्यटकीय स्थलों की विस्तृत जानकारी ली