पटना, 06 अप्रैल 2026: सीएम नीतीश कुमार ने विधायक आवासन योजना अंतर्गत विधान परिषद् अतिथि निवास का फीता काटकर शुभारंभ किया। साथ ही मुख्यमंत्री ने कैंटीन एवं पुस्तकालय भवन तथा सामुदायिक केन्द्र का भी शुभारंभ किया।
शुभारंभ के बाद मुख्यमंत्री ने नवनिर्मित विधान परिषद् अतिथि निवास का निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध करायी जा रही सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली। मुख्यमंत्री प्रथम तल एवं छत पर भी गये और अतिथि निवास के विभिन्न भागों का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि विधान परिषद् अतिथि निवास बहुत अच्छा बना है। यहां की सुविधाओं का लाभ विधान परिषद् के सदस्यों को मिलेगा।
बता दे कि विधान परिषद के सदस्यों के लिए अतिथि आवास, सामुदायिक केंद्र, कैंटीन और पुस्तकालय का निर्माण किया गया है। विधान परिषद् अतिथि निवास एक 05 मंजिला भवन है, जिसमें बेसमेंट, भू-तल एवं 04 मंजिलों का निर्माण किया गया है। इस भवन में 30 सुईट रूम, 04 लॉउन्ज, सेक्युरिटी लाउन्ज का निर्माण किया गया है। भवन में 08 व्यक्ति की क्षमतावाले लिफ्ट को अधिष्ठापित किया गया है। प्रत्येक सुईट रूम में एक छोटा किचेन, ड्राईंग रूम तथा विश्राम हेतु एक कमरा (शौचालय सहित) का निर्माण किया गया है।
कैन्टीन एवं पुस्तकालय भवन एक 02 मंजिला भवन है। जिसके एक भाग में कैन्टीन एवं दूसरे भाग में पुस्तकालय का निर्माण किया गया है। कैन्टीन के भूतल एवं प्रथम तल पर कैन्टीन डायनिंग हॉल किचेन, रेस्ट रूम, पेन्ट्री, स्टोर, सर्विस ऐरिया, शौचालय का निर्माण किया गया है। पुस्तकालय के भूतल पर कार्यालय कक्ष, पुस्तकालय एवं शौचालय का निर्माण किया गया है। पुस्तकालय के प्रथम तल पर रिडिंग हॉल, लॉबी एवं स्टोर का निर्माण किया गया है। सामुदायिक केन्द्र एक 02 मंजिला भवन है। इसके भूतल एवं प्रथम तल पर हॉल, स्टोर, किचेन, लॉबी, शौचालय का निर्माण कराया गया है।
ये भी देखे: नीतीश कुमार ने समृद्धि यात्रा के दौरान नालंदा जिले में चल रही विकास योजनाओं की समीक्षा की